होम राज्य उत्तर प्रदेश बदायूं में श्रद्धा व भक्ति के साथ मनाया गया श्री गुरु गोविंद...

बदायूं में श्रद्धा व भक्ति के साथ मनाया गया श्री गुरु गोविंद सिंह जी का प्रकाश उत्सव, विशेष दीवान व अटूट लंगर का आयोजन

सिख धर्म के दसवें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के पावन प्रकाश उत्सव के उपलक्ष्य में बदायूं शहर में श्रद्धा व भक्ति भाव के साथ विशेष दीवान एवं धार्मिक समागम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शहर के वैभव लॉन में भव्य विशेष दीवान सजाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु संगत ने सहभागिता की।

प्रकाश उत्सव से एक दिन पूर्व रात्रि में गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सत्संग सभा, पंजाबी मोहल्ला में विशेष दीवान आयोजित हुआ। इसमें कथावाचक प्रो. हरप्रीत सिंह जी निमाना तथा अमृतसर से पधारे रागी जत्था भाई तेजपाल सिंह जी द्वारा मधुर कीर्तन गायन किया गया, जिससे संपूर्ण वातावरण गुरु भक्ति से सराबोर हो गया।

आज आयोजित विशेष समागम में प्रातः 10 बजे श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज का प्रकाश किया गया। इसके उपरांत हजूरी रागियों द्वारा कीर्तन किया गया। तत्पश्चात कथावाचक भाई हरप्रीत सिंह निमाना द्वारा साहिब श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के जीवन, त्याग, बलिदान एवं आदर्शों पर आधारित विस्तृत कथा विचार प्रस्तुत की गई। इसके बाद अमृतसर से पधारे रागी जत्था भाई तेजपाल सिंह जी ने “तुम हो सब राजन के राजा, आपे आप गरीबी निवाजा” जैसे भावपूर्ण शब्दों के माध्यम से कीर्तन गायन किया, जिसे सुनकर संगत निहाल हो गई। कीर्तन के दौरान उन्होंने गुरु गोविंद सिंह जी के जीवन से जुड़ी अनेक प्रेरणादायक साखियां भी सुनाईं।

इस अवसर पर नगर कीर्तन शोभायात्रा के दौरान प्रसाद वितरण एवं आयोजन में सहयोग करने वाली विभिन्न संस्थाओं को गुरुद्वारा साहब की प्रधान श्रीमती रजनी अनेजा एवं मीत प्रधान सरदार मंजीत सिंह जी द्वारा सम्मानित किया गया। साथ ही कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सहयोगी संस्थानों व सेवाभावी संगत का भी सम्मान किया गया।

कार्यक्रम का संचालन गुरुद्वारा साहब के महासचिव सरदार गुरदीप सिंह जी द्वारा किया गया तथा सचिव सरदार रणजीत सिंह जी ने पधारी हुई संगत का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर गुरु का अटूट लंगर आयोजित हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

गुरु महाराज के प्रति विशेष सत्कार दर्शाते हुए समागम स्थल के बाहर जूता उतारने हेतु जोड़ा घर की सुंदर व्यवस्था की गई, जिसमें श्री जिगर जुनेजा, मिताश कोचर, हर्षित सेठी, मनदीप सिंह, हरप्रीत सिंह एवं तुषार कोचर का विशेष सहयोग रहा।

आज के कार्यक्रम में श्री संजय कोचर, श्री सुभाष कोचर, सोनू जुनेजा, हरभजन सिंह, गुरचरण सिंह, साहिल खुराना, अमनप्रीत सिंह ढींगरा, गुरप्रीत सिंह ढींगरा, गुरप्रीत सिंह जुनेजा, उमेश अरोड़ा, सुरेश अरोड़ा, सतनाम सिंह, सुरजीत सिंह, जगनप्रीत सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिकों व संगत का विशेष योगदान रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here