
बिल्सी.साहिबाबाद डिपो द्वारा संचालित दिल्ली से बदायूं वाया संभल, इस्लामनगर व बहजोई जाने वाली बस सेवाओं को लेकर यात्रियों को अब आंशिक राहत मिली है। पूर्व में प्रकाशित खबर के अनुसार जिला प्रशासन द्वारा बाहरी डिपो की बसों के बदायूं बस स्टेशन तक प्रवेश पर रोक लगाए जाने के बाद इन बसों का संचालन बहेड़ी मोड़ तक सीमित कर दिया गया था। इस फैसले से बदायूं जाने वाले यात्रियों के साथ-साथ बस स्टाफ को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
लगातार मिल रही शिकायतों और यात्रियों की असुविधा को देखते हुए साहिबाबाद डिपो के स्टाफ ने अब इन बसों का संचालन बिल्सी तक किए जाने का निर्णय लिया है। इस निर्णय के बाद दिल्ली से आने वाली बसें अब बिल्सी तक आएंगी और यहीं से दिल्ली के लिए वापस रवाना होंगी, जिससे यात्रियों को काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
इस संबंध में बस परिचालक संजीव शर्मा ने बताया कि बिल्सी से दिल्ली के लिए पहली बस दोपहर 3:00 बजे तथा दूसरी बस शाम 4:00 बजे बदायूं रोड स्थित बिल्सी बस स्टैंड से प्रस्थान करेगी। उन्होंने बताया कि यह व्यवस्था यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए की गई है।
स्थानीय यात्रियों और व्यापारियों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा है कि यदि बसों को बदायूं तक जाने की अनुमति मिलती तो और बेहतर होता, लेकिन फिलहाल बिल्सी तक संचालन शुरू होना भी एक राहत भरा कदम है। यात्रियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जल्द ही बाहरी डिपो की बसों को बदायूं बस स्टेशन तक जाने की अनुमति दी जाए, ताकि उन्हें पूरी सुविधा मिल सके।


























