बिल्सी तहसील रोड स्थित उप डाकघर कार्यालय में पिछले करीब एक पखवाड़े से आधार संशोधन और नए आधार बनवाने को लेकर भारी अव्यवस्था बनी हुई है। आधार कार्य के लिए रोजाना उमड़ रही भीड़ के कारण डाकघर का नियमित कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो रहा है, जिससे आम नागरिकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार उप डाकघर परिसर में जगह बेहद सीमित है। इसी कारण आधार से संबंधित कार्य कराने के लिए लोग डाकघर खुलने से पहले ही सुबह-सुबह लाइन लगाकर खड़े हो जाते हैं। जैसे-जैसे समय बढ़ता है, भीड़ और ज्यादा हो जाती है। कई बार तकनीकी कारणों से आधार की साइट बंद हो जाने पर लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता है, जिससे अफरा-तफरी की स्थिति बन जाती है।

आधार कार्य की भीड़ का सीधा असर डाकघर की अन्य सेवाओं पर भी पड़ रहा है। आरडी (रिकरिंग डिपॉजिट), एफडी (फिक्स्ड डिपॉजिट), बचत खाता, मनी ऑर्डर सहित अन्य जरूरी कार्य समय पर नहीं हो पा रहे हैं। इससे बुजुर्गों, महिलाओं और दूर-दराज से आने वाले खाताधारकों को खासा दिक्कत झेलनी पड़ रही है।

इस समस्या को लेकर स्थानीय नागरिकों ने डाक अधीक्षक बदायूं को पत्र लिखकर अपनी नाराजगी जाहिर की है। पत्र में मांग की गई है कि आधार संशोधन और नए आधार का कार्य उप डाकघर से हटाकर किसी अन्य स्थान पर कैंप लगाकर कराया जाए, ताकि डाकघर का नियमित कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सके और आम जनता को राहत मिल सके।

लोगों का कहना है कि यदि जल्द कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस समस्या को लेकर कब तक कोई ठोस कदम उठाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here