स्वदेश केसरी न्यूज़ लगातार उठा रहा मुद्दा, पर जनता आज भी नेताओं पर दबाव बनाने में असहाय,
बदायूं जिले के बिल्सी नगर को तहसील मुख्यालय बने तीन दशक हो चुके हैं, लेकिन अफसोस कि इतना लंबा समय बीत जाने के बाद भी बिल्सी आज परिवहन के मामले में एक “टापू” की तरह अलग-थलग पड़ा हुआ है। कस्बे के चारों ओर जाने वाले प्रमुख मार्ग—बिल्सी से बिसौली, बिल्सी से कासगंज, बिल्सी से वजीरगंज, बिल्सी से उझानी, बिल्सी से सहसवान आज तक व्यवस्थित रोडवेज बस सेवाओं से वंचित हैं।
डग्गामार वाहन मजबूरी का उठा रहे फायदा, पुलिस-परिवहन विभाग की मिलीभगत से बेखौफ संचालन,
बिल्सी-बिसौली-कासगंज मार्ग (लगभग 70 किमी) पर परिवहन निगम की मात्र दो बसें चल रही हैं।
- पहली बस कासगंज डिपो द्वारा कासगंज–मुरादाबाद (वाया बिल्सी-चंदौसी)
- दूसरी बस पीतल नगरी डिपो द्वारा मुरादाबाद–मैनपुरी (वाया चंदौसी-बिल्सी)
इन कुछ गिनी-चुनी बसों के अलावा पूरे दिन यात्रियों को मजबूरी में डग्गामार और जुगाड़ गाड़ियों पर निर्भर रहना पड़ता है, और यह वाहन पुलिस व परिवहन विभाग के संरक्षण में बेधड़क दौड़ रहे हैं। जनता की मज़बूरियों का फायदा उठाकर बिल्सी से बिसौली की 20 किमी दूरी पर इन वाहनों द्वारा ₹40 से ₹50 तक का मनमाना किराया वसूला जा रहा है,
लेकिन प्रशासन की आंखें आज भी बंद हैं।
स्वदेश केसरी न्यूज़ लगातार उठा रहा मुद्दा—जनता फिर भी खुद को असहाय महसूस कर रही,
गत कई महीनों से स्वदेश केसरी न्यूज़ इस गंभीर मुद्दे को लगातार उठाता आ रहा है—चाहे वह बसों की कमी हो, डग्गामारों की मनमानी हो या रोडवेज की लापरवाही।फिर भी जनता अपने जनप्रतिनिधियों पर दबाव डालने में असहाय और निराश नज़र आती है।
लोगों को लगता है कि चाहे जितनी शिकायतें कर लें कुछ होने वाला नहीं है, सिस्टम आज भी सुनने को तैयार नहीं है।
बिल्सी का नया रोडवेज बस स्टेशन-5 महीने से सिर्फ सफेद हाथी बन कर खड़ा !
बिल्सी का बहुप्रतिक्षित नया रोडवेज बस स्टेशन खैरी बस स्टैंड के पास पिछले 5 महीनों से बनकर तैयार खड़ा है, लेकिन विभागीय शिथिलता के कारण आज तक चालू नहीं हो पाया। स्थानीय लोग इसे “सफेद हाथी” कहने लगे हैं, क्योंकि
- न बसें आ रही हैं
- न संचालन शुरू हुआ
- न ही कोई स्थायी स्टाफ तैनात है
बस स्टेशन पर विभाग ने एक कर्मचारी की ड्यूटी लगा रखी है, जो कभी-कभार आकर बदायूं-दिल्ली रूट की बसों की एंट्री कर जाता है, फिर दोपहर बाद बदायूं लौट जाता है।यानी न स्टेशन सक्रिय, न व्यवस्था—और जनता आज भी पुराने ढर्रे पर यात्रा करने को मजबूर है।
बिल्सी को कब मिलेगी राहत?
बिल्सी के लोग पूछ रहे हैं—
- कब शुरू होंगी नियमित रोडवेज बस सेवाएं?
- कब बंद होगा डग्गामार वाहनों का आतंक?
- कब खुलेगा नया बस स्टेशन? लेकिन जवाब किसी के पास नहीं।
स्वदेश केसरी न्यूज़ इस मुद्दे को आगे भी जोरदार तरीके से उठाता रहेगा, क्योंकि बिल्सी की जनता बेहतर परिवहन व्यवस्था की हकदार है।


























