- जनभागीदारी से हो सकते हैं बड़े बड़े अपराधों के खुलासे- ब्रजेश सिंह बरिष्ठ पुलिस अधीक्षक-बदायूं।
- अब बदायूं पुलिस ने शुरू किया घर–घर सुरक्षा के लिए जागरूकता अभियान,
बदायूं। पिछले दिनों सर्वेश्वर साईं मंदिर के पुजारी मनोज शंखधार की हत्या ने पूरे शहर को हिला दिया था। चौंकाने वाली बात यह थी कि यह घटना पुलिस चौकी और फायर स्टेशन के बिल्कुल समीप हुई, लेकिन घटना स्थल पर कोई भी प्रत्यक्ष सुराग मौजूद नहीं था। ऐसे में यह केस पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन चुका था।
लेकिन इसी बीच नागरिक सहयोग ने वह काम कर दिखाया, जो कई बार बड़ी से बड़ी तकनीक भी नहीं कर पाती-एक स्थानीय प्रतिष्ठान पर लगे सीसीटीवी कैमरे ने पूरे हत्याकांड से पर्दा उठा दिया।
सीसीटीवी फुटेज ने खोला पूरा हत्याकांड
थाना सिविल लाइन क्षेत्र में स्थित एक प्रतिष्ठान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में संदिग्धों की गतिविधियाँ कैद हो गईं।यह फुटेज सलीम पुत्र जैनुल आबिदीन द्वारा उपलब्ध कराई गई थी, जिसने पुलिस की विवेचना को एकदम नई दिशा दे दी। इसी एक फुटेज ने पुलिस को उन सुरागों तक पहुंचा दिया, जो अंततः हत्यारों की गिरफ्तारी का आधार बने।
SSP ने किया सम्मानित – बदायूं पुलिस का प्रेरक कदम
इस अमूल्य सहयोग के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं, डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने सलीम को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
उन्होंने कहा-“एक जिम्मेदार नागरिक द्वारा दिया गया यह सहयोग काबिले-तारीफ है। अपराध रोकथाम में CCTV की भूमिका अत्यंत निर्णायक रही है।”
इस सम्मान समारोह का उद्देश्य सिर्फ व्यक्ति विशेष को धन्यवाद देना ही नहीं, बल्कि पूरे जनपद में एक सकारात्मक संदेश भी देना है-कि सुरक्षा सिर्फ पुलिस की नहीं, हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी भी है।
सक्षम लोग प्रतिष्ठानों और घरों के बाहर लगाएं CCTV ,अपराधों की रोकथाम मे करें पुलिस की मदद ,
हाल की घटनाओं ने यह सिद्ध कर दिया है कि-जहां CCTV लगे हैं, वहां अपराधियों के बचने की संभावना बेहद कम हो जाती है। पुलिस की जांच कई गुना तेज और सटीक हो जाती है।घर, प्रतिष्ठान और मोहल्ला स्वतः सुरक्षित हो जाते हैं।
बदायूं पुलिस ने आर्थिक रूप से सक्षम नागरिकों से अपील की है कि-अपने घरों, और व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर अच्छी गुणवत्ता वाले CCTV कैमरे अवश्य लगाएं।
क्योंकि…एक कैमरा न केवल अपराध रोकता है, बल्कि अपराधी पर कानून का शिकंजा कसने के लिए निर्णायक प्रमाण भी देता है।जैसा कि हालिया हत्याकांड में हुआ-एक नागरिक की अपनी सुरक्षा की जागरूकता ने अपने साथ-साथ समाज मे हुए हत्या जैसे जघन्य आपराधिक केस को भी सुलझाने मे मदद कर दिया।
पुलिस की अपील
बदायूं बरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जनपद के नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि “आप सभी समाज की सुरक्षा में सहयोग करें। आप भी अच्छा कार्य करने पर सम्मान पा सकते हैं, जैसा कि सलीम को मिला।”


























