बिल्सी।नगर में पांच दिनों से चल रही दीपावली की रौनक आज गुरुवार को भाई दूज के पर्व के साथ समाप्त हो गई। नगर में सुबह से ही मिठाइयों, किराने एवं फलों, और उपहारों की दुकानों पर भारी भीड़ देखने को मिली। महिलाओं और बच्चों में उत्साह देखते ही बन रहा था।

भाई-बहन के स्नेह का पर्व, सुबह से छाया रहा उल्लास

सुबह से ही नगर में भाई दूज का पावन पर्व धूमधाम से मनाया गया। बहनों ने अपने भाइयों के माथे पर रोली, चावल और अक्षत से तिलक लगाकर उनके दीर्घायु और समृद्धि की कामना की, वहीं भाइयों ने भी बहनों को उपहार और मिठाइयाँ भेंट कर स्नेह जताया।

इस बीच एक भावनात्मक दृश्य बिल्सी के अंबियापुर बस स्टैंड पर भी देखने को मिला, जहाँ पीतल नगरी डिपो के परिचालक प्रभात कुमार सिंह ने अपनी ड्यूटी के बीच समय निकालकर अपनी बहन से तिलक कराया। इस अनोखे दृश्य को देखकर आसपास मौजूद यात्रियों ने भी भाई-बहन के इस स्नेह बंधन को सराहा।

बाजारों में दिनभर रही चहल-पहल

भाई दूज के अवसर पर नगर की हलवाई, किराना, फलों और उपहार की दुकानों पर दिनभर ग्राहकों की भारी भीड़ रही। मिठाई की दुकानों पर रसभरी मिठाइयों और नमकीन और ड्राई फ्रूट्स की खरीददारी जोरों पर रही। नगर के प्रमुख बाजार बस स्टेशन , मुख्य मार्ग, अंबियापुर रोड और बस स्टैंड क्षेत्र — पूरे दिन लोगों से खचाखच भरे रहे।

वहीं दीपोत्सव के समापन पर शहर से बाहर अपने घर लौटने वालों के कारण बसों मे भारी भीड़ देखने को मिली। कई स्थानों पर यात्रियों को घंटों तक जाम में फंसे रहना पड़ा, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई।

विद्युत विभाग और पालिका प्रशासन की नगरवासी कर रहे सराहना,

दीपावली पर्व के दौरान विद्युत विभाग द्वारा नगर में निर्विघ्न विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रबंध किए गए थे।
नगर में नॉन-स्टॉप बिजली आपूर्ति बनाए रखने पर स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने बिल्सी विद्युत उपखंड के अधिकारियों और कर्मचारियों का धन्यवाद और आभार व्यक्त किया।

वहीं नगर पालिका प्रशासन ने भी त्योहार को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए तीन-लेयर सफाई व्यवस्था लागू की थी। सुबह से लेकर देर रात तक सफाईकर्मी गलियों और मुख्य मार्गों पर सक्रिय रहे, जिससे पूरा नगर स्वच्छ और आकर्षक बना रहा।

पांच दिवसीय दीपोत्सव का भईया दूज के साथ शुभ समापन,

धनतेरस से शुरू हुआ दीपावली का यह पांच दिवसीय पर्व — जिसमें नरक चतुर्दशी, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाई दूज शामिल रहे — बिल्सी में पूरी भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।
नगर के मंदिरों और घरों में दीपों की जगमगाहट, मिठाइयों की खुशबू और रिश्तों की मिठास ने पूरे कस्बे को एक उत्सवमय माहौल में डुबो दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here