


बिल्सी। राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रतीक भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार की सुबह नगर में “रन फॉर यूनिटी” रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 9:00 बजे कोतवाली परिसर से विधायक हरीश शाक्य ने समर्थकों के साथ फीता काटकर किया।
रैली में जनप्रतिनिधियों, पुलिस अधिकारियों, भाजपा कार्यकर्ताओं, समाजसेवियों और स्कूली बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रन फॉर यूनिटी रैली कोतवाली परिसर से शुरू होकर थाना मोड़, मुख्य बाजार, अटल चौक, और बालाजी तिराहा नखासा से होती हुई उत्साहपूर्वक विसर्जित हुई।
इस दौरान सभी प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर “राष्ट्र एकता जिंदाबाद” और “भारत माता की जय” जैसे नारे लगाकर राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
रैली को संबोधित करते हुए विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि सरदार पटेल ने स्वतंत्र भारत के निर्माण में जो योगदान दिया, वह सदैव स्मरणीय रहेगा। आज के युवा पीढ़ी को उनके विचारों और त्याग से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता हमारी सबसे बड़ी ताकत है, और इसे बनाए रखना हर भारतीय का कर्तव्य है।
इस अवसर पर पुलिस क्षेत्राधिकारी संजीव कुमार, थाना प्रभारी मनोज कुमार, नगर के अनेक भाजपा कार्यकर्ता, पुलिस स्टाफ, विद्यालयों के शिक्षकगण, और स्कूली बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
रैली के दौरान नगर में देशभक्ति प्रदर्शित करते हुए लोग भारत माता की जय के नारे लगाते रहे, जगह-जगह लोगों ने प्रतिभागियों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसमें एक स्वर में सबने भारत की एकता और अखंडता की शपथ ली।


























