15 अक्टूबर को विशाल देवी जागरण के साथ होगा रामलीला महोत्सव का समापन
बिल्सी। गौशाला रामलीला कमेटी के तत्वाधान में चल रहे रामलीला महोत्सव के अंतर्गत आज 12 अक्टूबर को रामलीला रंगमंच पर प्रस्तावित हास्य कलाकार शेखचिल्ली का जादू का विशेष कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है।
मेला कमेटी के कोषाध्यक्ष अजीत गुर्जर ने बताया कि आज नगर में आयोजित राज्य स्तरीय पीसीएस परीक्षा के चलते पुलिस फोर्स अन्य केंद्रों पर ड्यूटी में व्यस्त थी, जिसके कारण सुरक्षा व्यवस्था की कमी को देखते हुए यह कार्यक्रम स्थगित किया गया। उन्होंने बताया कि अब यह विशेष कार्यक्रम 13 एवं 14 अक्टूबर की रात 8:00 बजे रामलीला रंगमंच पर आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को स्थगित करने का निर्णय प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सर्वसम्मति से लिया गया है। मेला कमेटी के सभी पदाधिकारियों ने दर्शकों से सहयोग की अपील की है और आश्वासन दिया कि आगे के सभी कार्यक्रम पूर्व निर्धारित तिथियों पर पूरे उत्साह के साथ संपन्न होंगे।
मेला कमेटी ने यह भी बताया कि 15 अक्टूबर (बुधवार) को होने वाले विशाल देवी जागरण के साथ रामलीला महोत्सव का समापन किया जाएगा। इस अवसर पर नगर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण अंचल से भी भक्तों के बड़ी संख्या में शामिल होने की संभावना है।

























