




बदायूं/बिसौली/वजीरगंज। वजीरगंज क्षेत्र में भू-माफिया और दबंगों के हौसले बुलंदी पर हैं। आरोप लग रहे है कि जिले में प्रशासन और पुलिस की मिलीभगत से यह भू-माफिया वर्षों से लोगों की जमीनों पर कब्ज़ा कर रहे हैं। पिछले दिनों ज़मीन विवाद में मां-बेटी की हत्या के मामले में भी इन भू-माफियाओं का नाम सामने आया था, जिसने पूरे परिवार को तबाह कर दिया। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि इनकी सरपरस्ती जिले पर बैठा एक जनप्रतिनिधि है, जिनको हर काम में हिस्सा पहुँचता है। यही कारण है कि पुलिस अक्सर इन पर लगने वाले गंभीर आरोपों की गोलमोल जांच कर अथवा दबाब बनाकर दबा देती है।
इसी कड़ी में सोमवार को बिसौली कस्बे में एक बड़ा हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। बिसौली वार्ड संख्या पांच के पूर्व सभासद विजय कोली एक मोबाइल टावर पर चढ़ गए। उन्होंने आरोप लगाया कि वजीरगंज कस्बे में खरीदी गई उनकी जमीन पर भाजपा नेताओं ने कब्जा कर रखा है और जब भी वह निर्माण कराना चाहते हैं, उन्हें दबंगई और धमकियों के सहारे रोक दिया जाता है।
पूर्व सभासद का आरोप है कि उन्होंने कई बार पुलिस-प्रशासन से लेकर मुख्यमंत्री तक शिकायत की, लेकिन भाजपा नेताओं के दबाव में कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोपियों में एक चर्चित नेता और कुछ समय पहले भाजपा में शामिल हुए एक पूर्व ब्लॉक प्रमुख का नाम भी सामने आया है।
टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। एसडीएम राशिकृष्णा ने मौके पर पहुंचकर समझाने-बुझाने की कोशिश की, लेकिन पूर्व सभासद करीब चार घंटे तक टावर पर डटे रहे। इस दौरान उनके परिजन भी उन्हें नीचे उतरने की गुहार लगाते रहे। अंततः अधिकारियों के आश्वासन और समझाने पर विजय कोली नीचे उतरे।
एसडीएम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पाँच सदस्यीय टीम गठित कर जांच के आदेश दिए हैं। स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डीजीपी से मांग की है कि ऐसे भू-माफियाओं और उनकी राजनीतिक सरपरस्ती करने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्यवाही हो,जिस जनप्रतिनिधि पर माफियाओं की सरपरस्ती के आरोप लग रहे हैं, उसकी भूमिका भी संदेहास्पद है। भाजपा संगठन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चाहिए कि वजीरगंज में एक गोपनीय जांच कमेटी भेजकर भू-माफियाओं और इस जनप्रतिनिधि के संबंधों की गहन पड़ताल कराएं। इसके बाद ही इन माफियाओं पर कड़ी कार्रवाई हो सकेगी और उनकी रीढ़ तोड़ी जा सकेगी, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था कायम रह सके।


























