
बिल्सी : कोतवाली क्षेत्र को दहला देने वाली एक दर्दनाक खबर सामने आई है। थाना क्षेत्र के गुधनी निवासी जसवीर (30) अपने परिवार के साथ भाई की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए जा रहे थे। रविवार देर रात करनाल-पानीपत हाईवे पर उनकी पिकअप को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।
इस भीषण हादसे में जसवीर, उनके बेटे रोहित (10) और बेटी संध्या (6) की मौके पर ही मौत हो गई। इधर हादसे की खबर गुधनी गांव पहुंचते ही जसवीर के 65 वर्षीय पिता शिवदयाल को गहरा सदमा लगा और उन्हें हार्ट अटैक आ गया। दुखद रूप से उनकी भी मृत्यु हो गई।
सोमवार देर रात चारों के शव गांव पहुंचे तो कोहराम मच गया। मासूम रोहित का अंतिम संस्कार राज बरौलिया गांव में किया गया, जबकि जसवीर, संध्या और शिवदयाल का अंतिम संस्कार गुधनी के श्मशान में संपन्न हुआ।
बताया गया कि जसवीर चार भाइयों में सबसे छोटे थे और उनकी तीन बेटियां हैं। परिवार भाई ओमपाल की बेटी आदेश कुमारी की 2 अक्टूबर को होने वाली शादी में शामिल होने जा रहा था। शादी का घर मातम में बदल गया और पूरे गांव में गमगीन माहौल छा गया है।


























