
बिल्सी। नगर की ऐतिहासिक परंपरा और आस्था से जुड़ा श्रीरामलीला महोत्सव सोमवार की रात गणेश पूजन के साथ विधिवत प्रारंभ हुआ। इस आयोजन का संचालन गौशाला श्रीरामलीला कमेटी के तत्वावधान में किया गया।
रामलीला रंगमंच पर आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम में नगर के प्रतिष्ठित गल्ला कारोबारी एवं समाजसेवी मनोज कुमार वार्ष्णेय ने विधि-विधान से भगवान गणेश जी की पूजा-अर्चना कर आरती उतारी। इस अवसर पर कमेटी के पदाधिकारियों और सदस्यों ने उन्हें पटका पहनाकर सम्मानित किया।
इससे पूर्व नगर में शाम 5 बजे भव्य गणेश शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में सजे-धजे रथों, आकर्षक झांकियों और भक्तों की जयकारों से पूरा नगर भक्ति-भाव से गूंज उठा। यह यात्रा मुख्य बाजार, बालाजी तिराहा, अटल चौक, मोहल्ला नंबर 5 होते हुए देर शाम रामलीला मैदान पर सम्पन्न हुई।
रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में भगवान श्रीराम की लीलाओं का मंचन होगा, जिसमें नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे। आयोजन को भव्य बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।


























