

बिल्सी। संपूर्ण समाधान दिवस पर उठी एक बड़ी समस्या को जिलाधिकारी बदायूं अवनीश राय ने मात्र चार घंटे में सुलझाकर नगरवासियों का दिल जीत लिया। शनिवार को तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान मोहल्ला नंबर 8 साहबगंज के लोगों ने एक संयुक्त ज्ञापन सौंपकर स्टेट हाईवे बदायूं–बिजनौर मार्ग की बदहाली का मुद्दा उठाया। यह मार्ग कस्बे के मुख्य बाजार से होकर गुजरता है और लंबे समय से गहरे गड्ढों व टूटी-फूटी हालत के कारण आए दिन हादसों का कारण बन रहा था।
स्थानीय लोगों ने शिकायत की थी कि अंबियापुर चौराहे से लेकर नव-निर्मित रोडवेज बस स्टेशन तक सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हैं, जिससे आए दिन वाहन फिसलकर दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं। नगर पालिका इस मार्ग को पीडब्ल्यूडी की जिम्मेदारी बताते हुए काम से बच रही थी, वहीं पीडब्ल्यूडी की ओर से भी कोई पहल नहीं हो रही थी।
जनता की इस गंभीर समस्या पर जिलाधिकारी अवनीश राय ने तुरंत संज्ञान लिया और मौके पर ही लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं को सख्त निर्देश जारी कर दिए। नतीजतन, केवल चार घंटे के भीतर ही पीडब्ल्यूडी की टीम मौके पर पहुंच गई और मुख्य बाजार की सड़क पर पैचिंग का कार्य शुरू कर दिया।
अचानक हुई इस त्वरित कार्रवाई से मोहल्ला साहबगंज सहित पूरे नगर में खुशी की लहर दौड़ गई। लोग जिलाधिकारी की कार्यशैली की प्रशंसा करते नहीं थक रहे। नगरवासियों ने कहा कि पहली बार उनकी समस्या को इतनी गंभीरता और तत्परता से हल किया गया है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जिलाधिकारी अवनीश राय ने साबित कर दिया है कि प्रशासन यदि तत्परता दिखाए तो वर्षों से लंबित समस्याओं का समाधान भी कुछ ही घंटों में संभव है। नगर में यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि डीएम ने साहबगंजवासियों का दिल जीत लिया है और वे वास्तव में जनता की उम्मीदों पर खरे उतर गए हैं।


























