बिल्सी। तहसील सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी अवनीश राय की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 33 शिकायती पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से दो का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आमजन की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन स्तर से शिकायतकर्ताओं को फोन पर कॉल कर निस्तारण की पुष्टि ली जाती है, इसलिए प्रत्येक शिकायत का समाधान शिकायतकर्ता की संतुष्टि के अनुरूप होना चाहिए।
उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सतर्क रहने और गंभीरता से शिकायतें सुनने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केशव कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी बिल्सी प्रेमपाल सिंह, तहसीलदार प्रभा सिंह, खंड विकास अधिकारी शैली गोविल, अधिशासी अभियंता विद्युत नागेंद्र सिंह सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


























