बिल्सी नगर में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर फिर से सवाल खड़े हो गए हैं। मंगलवार को नगर के खैरी बस स्टैंड के पास सीताराम मोड़ स्थित मिठाई की दुकान से बेचे गए बूंदी के लड्डुओं में कीड़े निकलने का मामला सामने आया। यह घटना नगर में चर्चा का विषय बन गई है।

थाना क्षेत्र के ग्राम अगोल निवासी फूल सिंह पुत्र लेखराज ने कोतवाली में तहरीर देते हुए बताया कि उन्होंने एक दिन पहले उक्त दुकान से एक किलो बूंदी के लड्डू खरीदे थे। जब वह लड्डू अपने घर ले जाकर परिवारजन को खाने के लिए दिए तो उसमें कीड़े निकले। यह दृश्य देखकर परिवारजन दंग रह गए और उन्होंने तुरंत इसकी शिकायत दुकानदार से जाकर की। आरोप है कि शिकायत करने पर दुकानदार ने गलती मानने के बजाय उनके साथ ही अभद्रता और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करदी।

यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों में आक्रोश देखने को मिल रहा है। खासकर इसलिए भी कि अभी कुछ ही दिन पहले नगर के वाईपास स्थित एक ढाबे पर सब्जी में चूहा निकलने का मामला सामने आया था। लोग उस घटना को भुला भी नहीं पाए थे कि अब मिठाई में कीड़े (सूड़ी) निकलने की घटना से उपभोक्ता चिंता में हैं।

खाद्य विभाग पर उठे सवाल

लोगों का कहना है कि अगर खाद्य विभाग के अधिकारी नियमित रूप से क्षेत्र मे घूम घूम कर खाद्य बस्तुओं का निरीक्षण करें और दुकानों, ढाबों, होटलों एवं हलवाइयों से खाद्य सामग्री के सैंपल लें, तो इस तरह की घटनाएं सामने ही न आएं। परंतु चंद पैसों की लालच में दुकानदार लंबे समय तक रखी पुरानी सामग्री को ताजा बताकर बेच रहे हैं और विभाग आंख मूंदे बैठा है।

नगर के लोगों का कहना है कि मिठाई की दुकानों और ढाबों के किचन की स्थिति बेहद खराब है। जगह-जगह गंदगी, चूहे और कॉकरोच पाए जाते हैं। इन हालातों में तैयार खाना सीधे तौर पर उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को खतरे में डाल रहा है।

कड़ी कार्रवाई की मांग

स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग की है कि इस मामले का स्वतः संज्ञान लेकर बदायूं के खाद्य विभाग के अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई करें। ताकि अधिकारी फील्ड में उतरकर दुकानों और ढाबों की नियमित जांच करें और उपभोक्ताओं को सुरक्षित व स्वच्छ खाद्य सामग्री मिल सके।

फिलहाल पुलिस ने फूल सिंह की तहरीर पर मामले की जांच शुरू कर दी है। नगर में चर्चाएं जोरों पर हैं और आमजन अब एक बार फिर से खाद्य सुरक्षा को लेकर प्रशासन से सख्त कदम उठाने की अपेक्षा कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here