





बिल्सी। नगर की ऐतिहासिक गौशाला रामलीला कमेटी द्वारा संचालित रामलीला महोत्सव 2025 का शुभारंभ शनिवार की रात भव्य और दिव्य माहौल में हुआ। इस बार का आयोजन पिछले वर्षों की तुलना में कई मायनों में बेहद अलग और खास नजर आ रहा है। कमेटी की तैयारियों और मंचन की भव्यता ने श्रद्धालुओं और दर्शकों का दिल जीत लिया।
रात्रि 8:30 बजे विधायक हरीश शाक्य ने अपने समर्थकों संग रामलीला रंगमंच पर पहुंचकर फीता काटकर महोत्सव का उद्घाटन किया। इससे पूर्व उन्होंने भगवान श्रीराम की आरती उतारी। उद्घाटन अवसर पर विधायक शाक्य ने कहा कि भगवान राम के आदर्श और मर्यादा मनुष्य क़े जीवन को सार्थक बनाने का मार्ग दिखाते हैं।
रामलीला कमेटी ने मुख्य अतिथि विधायक हरीश शाक्य को भगवान राम नाम का पटका और चित्र भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही, विशेष रूप से मीडिया कर्मियों को भी सम्मानित किया गया। स्वदेश केसरी न्यूज़ के तहसील प्रभारी ललित मोहन वार्ष्णेय सहित अन्य पत्रकारों को पटका पहनाकर सम्मानित किया गया और सम्मान स्वरूप स्मृति चिह्न क़े रूप मे गिफ्ट भेंट किए गए।
कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी बिल्सी प्रेमपाल सिंह, केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा के पुत्र हर्षवर्धन राजपूत, विधायक प्रतिनिधि नवनीत शाक्य, थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह और नगर पालिका अध्यक्ष सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी को रामलीला कमेटी द्वारा पटका पहना कर एवं चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया।


























