






बरेली। शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद शहर का माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। बड़ी संख्या में लोग “आई लव मोहम्मद” लिखी तख्तियां और पोस्टर लेकर नारेबाजी करते हुए इस्लामिया ग्राउंड और खलील स्कूल चौक की ओर बढ़ने लगे। पुलिस ने जैसे ही उन्हें रोकने का प्रयास किया, भीड़ उग्र हो गई और पथराव शुरू कर दिया।
कुछ ही देर में हालात बिगड़ते देख पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। पुलिस ने उपद्रवियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, जिससे इलाके में भगदड़ मच गई और अफरा-तफरी का माहौल हो गया। उपद्रवियों ने पथराव के साथ दो मोटरसाइकिलें तोड़ दीं और एक दुकान को भी निशाना बनाया।
मौके पर उपद्रव की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि खलील तिराहे के आसपास करीब 200 मीटर तक सड़कों पर चप्पलें, जूते और पत्थर बिखरे पड़े मिले।
जैसे ही स्थिति की सूचना मिली, डीआईजी अजय साहनी, एसपी सिटी समेत प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे इलाके में फ्लैग मार्च किया और उपद्रवियों को कड़ी चेतावनी दी। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति नियंत्रण में है।
पुलिस सतर्क, जिलों से फोर्स बुलाई गई
बरेली के साथ-साथ आसपास के जिलों से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए मस्जिदों और संवेदनशील इलाकों के बाहर पुलिस तैनात कर दी गई है। पुलिस लगातार फ्लैग मार्च कर रही है और वाहनों की गहन जांच भी की जा रही है।
प्रशासन की अपील
अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और घरों में रहने की हिदायत दी है। पुलिस का कहना है कि किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।


























