बदायूं। शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी रणनीति मजबूत करनी शुरू कर दी है। इसी क्रम में बदायूं में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं शिक्षक सीट के जिला संयोजक शारदेन्दु पाठक के आवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। खास बात यह रही कि बैठक में शिक्षक विधायक श्री हरि सिंह ढिल्लों भी मौजूद रहे।


बैठक में जिले के सभी संयोजक, सहसंयोजक और चुनाव से जुड़े पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस मौके पर चुनाव की तैयारियों, संगठनात्मक मजबूती और शिक्षक वर्ग से संवाद स्थापित करने की योजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई।
शारदेन्दु पाठक, जोकि बदायूं के शिक्षक एमएलसी वागीश पाठक के छोटे भाई हैं, ने कहा कि भाजपा संगठन प्रत्येक वर्ग तक पहुंच बना रहा है और शिक्षक समाज एवं ग्रेजुएट वर्ग में पार्टी का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अपील की कि वे बूथ स्तर तक सक्रिय रहकर शिक्षित वोटरों से जुड़ें और चुनाव में भाजपा उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करें।
बैठक में मौजूद शिक्षक विधायक हरि सिंह ढिल्लों ने कहा कि भाजपा सरकार ने शिक्षकों के हित में कई कल्याणकारी योजनाएँ लागू की हैं। इन योजनाओं को शिक्षकों तक पहुँचाना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया और एकजुट होकर चुनाव में सफलता दिलाने का आह्वान किया।
बैठक में जिले के वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारियों के साथ-साथ चुनाव संचालन में जुटे कई कार्यकर्ता भी शामिल रहे।


























