भारत और पाकिस्तान के बीच हुए एशिया कप 2025 के मुकाबले के बाद से हालात और ज्यादा तनावपूर्ण हो गए हैं। 14 सितंबर को खेले गए इस मैच में भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान पर मिली जीत को पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों और भारतीय सशस्त्र बलों को समर्पित किया था। लेकिन अब इस बयान पर उन्हें इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) से झटका मिला है। सूर्यकुमार यादव पर मैच फीस का 30% जुर्माना लगाया गया है।

पहलगाम हमले के बाद मैच पर ही सवाल

पहलगाम हमले के बाद से ही पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलने को लेकर देशभर में गुस्सा था। आम जनता से लेकर विपक्षी दलों तक ने इस मैच का कड़ा विरोध किया था। सोशल मीडिया पर बायकॉट अभियान चला, टीवी डिबेट्स में बहसें हुईं और लोगों ने टीवी पर मैच न देखने तक का संकल्प लिया। सरकार ने हालांकि अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट के नियमों का हवाला देकर मैच कराने का फैसला लिया, लेकिन इस पर आलोचनाएं थमीं नहीं।

जब भारत ने पाकिस्तान को हराया तो इस जीत को “पहलगाम पीड़ितों के नाम” बताकर सरकार और बोर्ड ने झेंप मिटाने की कोशिश की। लेकिन यही बयान अब उल्टा पड़ गया है और सूर्यकुमार यादव को इसकी बड़ी कीमत चुकानी पड़ रही है।

आईसीसी में पाकिस्तान की शिकायत

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने सूर्यकुमार यादव के बयान को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाते हुए आईसीसी में शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर सुनवाई करते हुए मैच रैफरी रिची रिचर्डसन ने भारतीय कप्तान पर मैच फीस का 30% जुर्माना ठोक दिया। साथ ही उन्हें चेतावनी दी गई कि टूर्नामेंट के बाकी मुकाबलों में किसी तरह का राजनीतिक बयान न दें।

सूर्यकुमार यादव ने हालांकि खुद को निर्दोष बताया है और फैसले के खिलाफ अपील भी की है। उनका कहना है कि यह उनकी देशभक्ति की भावनाओं का प्रदर्शन था, राजनीति से इसका कोई लेना-देना नहीं है।

जनता और विपक्ष का गुस्सा और गहरा

इस फैसले के बाद आम जनता और विपक्षी पार्टियों का गुस्सा और ज्यादा बढ़ गया है। लोग पूछ रहे हैं कि क्या देश के शहीदों को याद करना भी अब “नियमों के खिलाफ” है? सोशल मीडिया पर #ShameOnICC और #JusticeForSurya जैसे हैशटैग ट्रेंड कर रहे हैं। विपक्षी नेताओं ने केंद्र सरकार और बीसीसीआई पर सवाल उठाए हैं कि पहले तो पाकिस्तान से खेलने का फैसला लेकर लोगों की भावनाओं से खिलवाड़ किया और अब अपने ही कप्तान को नियमों के हवाले कर बलि का बकरा बना दिया।

कुछ लोग इस पूरे घटनाक्रम को “दूसरा पहलगाम” कह रहे हैं और इसे देशवासियों की भावनाओं पर तमाचा बता रहे हैं। उनका कहना है कि अगर एक खिलाड़ी शहीदों को याद भी नहीं कर सकता, तो यह भारत की अस्मिता और खिलाड़ियों की स्वतंत्रता पर सीधा हमला है।

मामला और बिगड़ सकता है

क्रिकेट और राजनीति के इस टकराव ने भारत-पाकिस्तान मुकाबले को एक बार फिर संवेदनशील बना दिया है। जानकारों का मानना है कि आने वाले दिनों में विपक्ष इस मुद्दे को बड़े राजनीतिक हथियार के रूप में उठाएगा। वहीं, भारतीय जनता के बीच बीसीसीआई और सरकार के खिलाफ नाराजगी का यह माहौल लंबा खिंच सकता है।

फिलहाल, गेंद अब बीसीसीआई और सरकार के पाले में है कि वे खिलाड़ियों और जनता की भावनाओं को संभालने के लिए क्या कदम उठाते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here