बिल्सी (बदायूं)। सावन मास के अंतिम सोमवार को नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में शिवभक्तों का उत्साह चरम पर रहा। बीती रात 11 बजे से लगातार हो रही बारिश के बावजूद श्रद्धालु सुबह तड़के से ही भगवान शिव पर जल चढ़ाने और दर्शन पूजन के लिए मंदिरों में उमड़ पड़े।
शिवभक्त महिलाएं, पुरुष और कांवड़िए पूरी आस्था के साथ बेलपत्र, धतूरा, भांग और पुष्पों के साथ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करते नजर आए। बारिश की बूंदें भी उनकी भक्ति में आड़े नहीं आईं। दोपहर 12 बजे तक शिवालयों में पूजा-पाठ और रुद्राभिषेक अनवरत रूप से जारी रहा।
नगर के प्रमुख शिवालयों में भारी भीड़
बिल्सी के अटल चौक स्थित शिव शक्ति भवन मंदिर, मोहल्ला नंबर 5 का शनि देव मंदिर, उझानी बस स्टैंड के पास मनकामेश्वर मंदिर और मुख्य बाजार में स्थित कुटी मंदिर सहित अन्य शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं। ग्रामीण क्षेत्रों के मंदिरों में भी भक्तों ने विशेष पूजा-अर्चना की।
रुद्राभिषेक और विशेष अनुष्ठान
कई स्थानों पर पंडितों द्वारा रुद्राभिषेक, महामृत्युंजय मंत्र जाप और शिव तांडव स्तोत्र का पाठ कराया गया। कांवड़ लेकर लौटे शिवभक्तों ने गंगाजल से भगवान शिव का अभिषेक किया और अपने परिवार की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे स्थानीय समितियों और युवाओं ने जगह-जगह जलपान, चाय, फल और जल वितरण के स्टॉल लगाए। श्रद्धा और भक्ति के इस पर्व पर नगर का वातावरण पूरी तरह ‘बम बम भोले ’ के जयकारों से गुंजायमान रहा।
श्रद्धालुओं ने कहा – ‘बारिश भक्ति की राह नहीं रोक सकती’
शिवभक्तों का कहना था कि सावन के अंतिम सोमवार पर शिवालय जाना हमारा सौभाग्य है, चाहे बारिश हो या आंधी तूफ़ान हम हर हाल में भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे। सावन का अंतिम सोमवार शिवभक्ति के रंग में पूरी तरह रंगा नजर आया।


























