बिल्सी। नगर पालिका परिषद की भूमि पर अवैध निर्माण समेत छह सूत्रीय मांगों को लेकर भारतीय हलधर किसान यूनियन का नगर पालिका परिसर में चल रहा धरना प्रदर्शन तीसरे दिन बुधवार शाम को समाप्त हो गया। धरना उस समय खत्म हुआ जब यूनियन पदाधिकारियों और नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि ओमप्रकाश सागर के बीच वार्ता सफल रही।
धरने की सबसे प्रमुख मांग थी कि पालिका भूमि गाटा संख्या 173 (निकट नवनिर्मित रोडवेज बस स्टेशन) पर बने अवैध निर्माण को ध्वस्त कराया जाए। इस पर प्रशासन की ओर से उपजिलाधिकारी बिल्सी की अध्यक्षता में जांच समिति गठित करने की घोषणा की गई, जिसमें तहसील और पालिका के अधिकारी नामित किए गए हैं।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी वेद प्रकाश यादव ने बताया कि “यूनियन की मांगों को गंभीरता से लिया गया है। पालिका भूमि पर निर्माण की जांच के लिए समिति का गठन कर दिया गया है, और अन्य मांगों को भी नियमानुसार 15 दिनों में पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।”
धरने में शामिल अन्य मांगों के निस्तारण को लेकर भी प्रशासन ने समयबद्ध कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद 28 जुलाई से चल रहा धरना प्रदर्शन शांतिपूर्वक समाप्त कर दिया गया।
धरना समापन के मौके पर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी वेद प्रकाश यादव, पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि ओमप्रकाश सागर, यूनियन के पदाधिकारी और पालिका स्टाफ उपस्थित रहे।
यूनियन ने प्रशासन को 15 दिन की समयसीमा देते हुए कहा है कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो वे दोबारा आंदोलन को बाध्य होंगे। प्रशासन ने पारदर्शी जांच और निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया है।


























