बदायूं। प्रदेश सरकार द्वारा परिषदीय विद्यालयों की छात्र संख्या कम होने पर उन्हें अन्य स्कूलों में मर्ज (पेयरिंग) करने के आदेश के खिलाफ जनपद बदायूं में शिक्षकों, अभिभावकों और ग्राम प्रधानों का आक्रोश अब आंदोलन का रूप लेने लगा है। शनिवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले मालवीय अध्यापक आवास गृह में एक आपात बैठक आयोजित हुई, जिसमें आंदोलन को लेकर आगामी रणनीति बनाई गई।

● जनप्रतिनिधियों को सौंपा गया ज्ञापन

बैठक के बाद शिक्षक नेताओं, अभिभावकों और ग्राम प्रधानों के प्रतिनिधि मंडल ने संघ के जिलाध्यक्ष एवं प्रांतीय प्रचार मंत्री संजीव शर्मा के नेतृत्व में शेखूपुर विधायक हिमांशु यादव तथा बदायूं सदर विधायक के प्रतिनिधि विश्वजीत गुप्ता को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में विद्यालयों के मर्जर एवं प्रधानाध्यापकों को हटाने संबंधी आदेशों को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने की मांग की गई।

● जनप्रतिनिधियों ने दिया साथ

शेखूपुर विधायक हिमांशु यादव ने कहा—

“सरकार को चाहिए कि वह गांवों में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए, न कि विद्यालयों को मर्ज कर बच्चों को शिक्षा से दूर करे। हम इस मुद्दे को सदन में भी उठाएंगे।”

विधायक प्रतिनिधि विश्वजीत गुप्ता ने आश्वासन देते हुए कहा—

“विद्यालयों के एकीकरण की यह नीति व्यवहारिक नहीं है। हम मुख्यमंत्री से वार्ता कर शिक्षकों और बच्चों की भावनाओं को पहुंचाएंगे।”

● 8 जुलाई को होगा प्रदेशव्यापी धरना

संघ के जिला मंत्री उदयवीर सिंह यादव ने बताया कि पूरे प्रदेश में आज सोशल मीडिया (ट्विटर) अभियान के माध्यम से विरोध दर्ज कराया गया है।
जिला कोषाध्यक्ष सुशील चौधरी ने बताया—

“यदि शासनादेश वापस नहीं लिया गया, तो 8 जुलाई को प्रदेश के सभी बीएसए कार्यालयों पर विशाल धरना प्रदर्शन किया जाएगा।”

● अधिक से अधिक शिक्षक जुटें—संजीव शर्मा

संघ के जिलाध्यक्ष एवं प्रांतीय प्रचार मंत्री संजीव शर्मा ने कहा—

“यह संघर्ष सिर्फ शिक्षकों का नहीं, बल्कि शिक्षा और बच्चों के भविष्य का है। सभी शिक्षक, अभिभावक और ग्राम प्रतिनिधि 8 जुलाई को बीएसए कार्यालय पहुंचकर इस नीति के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराएं।”

● ये थे प्रमुख मौजूद लोग:

बैठक में विकास क्षेत्र जगत, सलारपुर, उझानी, कादरचौक, वजीरगंज और अंबियापुर के शिक्षक नेता, ग्राम प्रधान, अभिभावक व अन्य गणमान्य लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here