

इस्लामनगर (बदायूं)। कस्बे में देर रात एक महिला के घर इलाज करने पहुंचे झोलाछाप चिकित्सक को मोहल्ले के लोगों ने शक के चलते महिला के घर मे घुसकर झोलाछाप को पकड़ कर बिजली के खम्बे से बांध कर बुरी तरह लात घूसों से पीट कर लहू लुहान कर दिया। घटना शनिवार रात की है, जब सराय कुम्हारान मोहल्ले में यह सनसनीखेज मामला सामने आया। भीड़ ने झोलाछाप को लात-घूंसे और बेल्ट से पीटकर लहूलुहान कर दिया, यहाँ तक कि उसके कपड़े तक फाड़ दिए।
महिला ने कहा—बेटे के इलाज के लिए बुलाया था डॉक्टर
झोलाछाप को घर बुलाने वाली महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका मायका इस्लामनगर कस्बे के सराय कुम्हारान मोहल्ला में है और वह अपने ससुराल हरियाणा के भिवानी से यहां बीए की परीक्षा देने आई हुई थी। शनिवार की रात उसके दो वर्षीय बेटे की तबीयत अचानक खराब हो गई, जिस पर उसने पुराना बहजोई स्टैंड पर क्लीनिक चलाने वाले आशिक सैफी को इलाज के लिए बुलाया।
जैसे ही आशिक सैफी रात करीब 11 बजे महिला के घर पहुंचा, मोहल्ले के कुछ लोगों को संदेह हो गया। मोहल्ले में यह खबर आग की तरह फैली और दर्जनों लोग महिला के घर में घुस आए।
डॉक्टर को खंभे से बांधकर पीटा, महिला को भी पीटा गया
प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़िता के मुताबिक, मोहल्ले वालों ने झोलाछाप को आशिक समझते हुए घसीटते हुए महिला के घर से बाहर निकाला, खंभे से बांधकर घूंसे, लातें और बेल्ट से जमकर पीटा। इस दौरान महिला ने बीच-बचाव किया तो उसे भी पीटा गया। महिला का आरोप है कि भीड़ ने गाली-गलौज करते हुए उसे महिला का आशिक बताते हुए उसके कपड़े तक फाड़ दिए और उसे बेहद अपमानजनक तरीके से पीटा।
पुलिस ने सात नामजद के खिलाफ दर्ज की एफआईआर
मामले की सूचना मिलते ही इस्लामनगर थाना पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) बिल्सी संजीव कुमार सिंह ने बताया—
“महिला की तहरीर पर सात नामजद लोगों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, जानलेवा हमला, अपमान और सार्वजनिक रूप से प्रताड़ना जैसी धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।”
मोहल्ले में तनाव, दोनों पक्षों के बीच माहौल गर्म
घटना के बाद से सराय कुम्हारान मोहल्ले में तनाव का माहौल है। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। वहीं, कस्बे में यह चर्चा भी गर्म है कि क्या किसी चिकित्सक का इस तरह से घर आना संदिग्ध था या फिर यह महज एक अफवाह और सामाजिक उन्माद का परिणाम।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, झोलाछाप चिकित्सक आशिक सैफी का पूर्व में भी कई जगहों पर बिना डिग्री क्लीनिक चलाने को लेकर विवाद रहा है, जिसकी भी जांच की जा रही है।


























