बिल्सी (बदायूं)। श्रावण मास के प्रथम सोमवार 14 जुलाई को बाबा महाकाल की भव्य शाही सवारी निकाली जाएगी। जिसकी तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। यह आयोजन श्री गिरिराज जी सेवा समिति एवं श्री महाकाल सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में होगा,
आयोजन समिति के प्रवक्ता ने बताया कि इस वर्ष बाबा महाकाल की शाही सवारी नगर में पूरे हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ निकालने तैयारी चल रही है, शाही सवारी पंजाब नेशनल बैंक शाखा से शाम 4:00 बजे प्रारंभ होगी जो नगर के मुख्य मार्गों से होती हुई अटल चौक, मुख्य बाजार और अन्य प्रमुख स्थानों से गुजरते हुए शिव शक्ति भवन मंदिर परिसर पहुंचेगी।
मंदिर परिसर में शाम 7:00 बजे बाबा महाकाल का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। इसके पश्चात रात्रि 9:00 बजे महा आरती एवं प्रसाद वितरण का आयोजन होगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति द्वारा सजावट, सुरक्षा, मार्ग व्यवस्थापन, लाइटिंग, जल व्यवस्था और प्रसाद वितरण की व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
हर वर्ष की तरह इस बार भी नगरवासियों में आयोजन को लेकर भारी उत्साह है। श्रद्धालु बड़ी संख्या में सपरिवार बाबा महाकाल के दर्शन और शाही सवारी में भाग लेने को आतुर हैं। आयोजकों ने नगरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में सम्मिलित होकर श्रद्धा और अनुशासन के साथ आयोजन को भव्यता प्रदान करें।श्री गिरिराज जी सेवा समिति एवं श्री महाकाल सेवा समिति की ओर से समस्त श्रद्धालुओं को सादर आमंत्रण दिया गया है।


























