बिल्सी (बदायूं)। बिजली से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विद्युत उपखंड कार्यालय बिल्सी में कल 21 जुलाई (सोमवार) से दो दिवसीय “विद्युत समाधान शिविर” का आयोजन किया जाएगा, जो 22 जुलाई (मंगलवार) तक चलेगा। इस शिविर में बिल्सी, वजीरगंज और सैदपुर क्षेत्रों के उपभोक्ता अपनी बिजली संबंधी समस्याओं का समाधान करा सकेंगे।
उपखंड अधिकारी (एसडीओ) जयप्रकाश ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं की लम्बे समय से लंबित समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करना है। उपभोक्ता इस शिविर में गलत बिलिंग, ओवर रीडिंग, नाम व पता परिवर्तन, नए कनेक्शन, ट्रांसफर, मीटर खराबी, ओवरलोडिंग, बार-बार बिजली कटौती और भुगतान से संबंधित शिकायतों का समाधान करा सकेंगे।
उन्होंने बताया कि समाधान शिविर में बिजली विभाग की एक विशेष टीम मौजूद रहेगी, जो मौके पर ही आवेदन लेकर त्वरित निस्तारण करेगी, जिससे उपभोक्ताओं को बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
शिविर में उपभोक्ता बिल जमा, बिल सुधार, किस्त योजना व ओटीएस (One Time Settlement) योजना का भी लाभ उठा सकेंगे। बकायेदार उपभोक्ताओं को विभागीय नियमों के तहत छूट और समाधान की सुविधा दी जाएगी।
शिविर का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 4 बजे तक निर्धारित किया गया है। विभाग ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे आधार कार्ड, बिजली बिल, कनेक्शन नंबर जैसे आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित होकर अपनी समस्याओं का समाधान कराएं।
यह शिविर उपभोक्ताओं और विभाग के बीच विश्वास और संवाद को मजबूत करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।


























