बिल्सी नगर में सोमवार की शाम आस्था और श्रद्धा का अनुपम संगम देखने को मिला जब श्री गिरिराज जी सेवा समिति एवं महाकाल सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में बाबा महाकाल की शाही सवारी भव्यता के साथ नगर भ्रमण को निकली। यह भक्ति यात्रा सोमवार शाम 7 बजे पंजाब नेशनल बैंक शाखा से आरंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों – अटल चौक, कपड़ा बाजार, मोहल्ला नंबर दो होते हुए देर रात शिव शक्ति भवन मंदिर परिसर पर विधिवत रूप से संपन्न हुई।

सवारी के स्वागत में नगरवासियों ने श्रद्धा का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत किया। जगह-जगह पुष्प वर्षा, ढोल-नगाड़ों और भजन कीर्तन के साथ बाबा महाकाल का स्वागत किया गया। कुटी मंदिर पर महाकालेश्वर सेवा समिति के सदस्यों ने पारंपरिक रीति से आरती उतारी, वहीं अटल चौक पर कछला से विशेष रूप से आमंत्रित गंगा आरती मंडल द्वारा बाबा महाकाल की दिव्य आरती की गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु महिला-पुरुषों ने भावपूर्ण सहभागिता की।

रात्रि 11 बजे शिव शक्ति भवन मंदिर परिसर में बाबा महाकाल का मनोहारी श्रृंगार किया गया। श्रृंगार के उपरांत भव्य महा आरती का आयोजन हुआ, जिसके पश्चात प्रसाद वितरण कर श्रद्धालुओं को भक्तिमय अनुभूति प्रदान की गई।

इस विशाल आयोजन में नगर के हर वर्ग ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विशेष रूप से श्री वार्ष्णेय महिला उत्थान समिति की सक्रिय महिला सदस्यों की भूमिका सराहनीय रही, जिन्होंने आयोजन की व्यवस्था को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।

इधर अटल चौक स्थित शिवशक्ति भवन मंदिर के हनुमान मंदिर में आज मंगलवार को नगर के प्रमुख कपड़ा व्यापारी शुभांशु वार्ष्णेय पुत्र श्रीनिवास वार्ष्णेय ने बाबा का चोला एवं श्रृंगार किया परिजनों ने आरती उतार कर प्रसाद वितरण किया इस मौके पर हनुमान सेवा समिति के सदस्य नवरत्न वार्ष्णेय सुरेश बाबू वार्ष्णेय कुशमेश वार्ष्णेय रजनीश शर्मा विनीत वार्ष्णेय तपन वार्ष्णेय सचिन वार्ष्णेय सहित समिति के सदस्यों ने परिजनों को पटका पहनाकर सम्मानित किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here