बिल्सी (बदायूं) तहसील परिसर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के मौके पर नगर पालिका परिषद बिल्सी के सफाई कर्मचारियों ने अपनी समस्याओं से संबंधित 10 सूत्रीय मांगों को लेकर जिलाधिकारी अवनीश चंद्र राय को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष प्रीतम बाबू के नेतृत्व में सौंपा गया।

ज्ञापन में सफाई कर्मचारियों ने पालिका प्रशासन पर हठधर्मिता और लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्ष 2016 से अब तक नियमित एवं संविदा सफाई कर्मचारियों को ना तो गर्म वर्दी मिली है और ना ही ठंडी वर्दी। साथ ही कर्मचारियों का पीएफ (भविष्य निधि) भी समय पर जमा नहीं किया गया है, जिससे उनका आर्थिक हित प्रभावित हो रहा है।

कर्मचारी बोले- “अब चुप नहीं बैठेंगे, न्याय चाहिए”

ज्ञापन सौंपने पहुंचे कर्मचारियों में भारी रोष दिखा। कर्मचारियों ने कहा कि हम नगर की सफाई व्यवस्था को दिन-रात संभालते हैं, लेकिन हमारी मूलभूत जरूरतों को ही नजरअंदाज किया जा रहा है। यदि शीघ्र उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं, तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे

ये रहे प्रमुख मांगे:

  1. वर्ष 2016 से लंबित ठंडी एवं गर्म वर्दियों का शीघ्र वितरण
  2. सभी कर्मचारियों का PF समय पर जमा हो
  3. नियमितिकरण की प्रक्रिया तेज हो
  4. समस्त कर्मचारियों को समय पर वेतन
  5. चिकित्सा सुविधा की उपलब्धता
  6. सेवा शर्तों में समानता
  7. सफाई कार्य हेतु आधुनिक उपकरण
  8. महिलाओं के लिए पृथक सुविधाएं
  9. सुरक्षित कार्य वातावरण
  10. कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित की जाए

ज्ञापन सौंपने के दौरान वीरपाल, गीता रानी, अभिषेक, बबीता, नीरज बाबू, कमल सहित अन्य कई सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी अवनीश चंद्र राय ने ज्ञापन को गंभीरता से लेते हुए कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

बिल्सी नगर पालिका के सफाई कर्मचारी अब प्रशासनिक कार्रवाई की प्रतीक्षा में हैं और यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन हो सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here