बिल्सी (बदायूं) कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिरतौल में कल जिस घर में शहनाइयां गूंजनी थीं, वहां आज चूल्हे तक नहीं जले4 जुलाई की रात को हुई भीषण सड़क दुर्घटना ने सिरतौल गांव में ऐसा मातम बिखेरा, जिसे वर्षों तक भुला पाना कठिन होगा।

बीते शुक्रवार को संभल जनपद के जुनावई थाना क्षेत्र से हरगोविंदपुर निवासी दूल्हा सूरज (24) बारात लेकर सिरतौल आ रहा था, लेकिन बदकिस्मती से रास्ते में ही बोलेरो वाहन जनता इंटर कॉलेज की दीवार से टकरा गया। मौके पर ही दूल्हा सूरज, उसकी भाभी आशा, दो मासूम बच्चे और एक अन्य की मौत हो गई थी। अब इस दर्दनाक हादसे में गंभीर रूप से घायल दूल्हे की बहन कोमल (15), चालक रवि (28) और मधु (20) ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है। अब मृतकों की संख्या आठ हो चुकी है

दुल्हन अनु की रातभर चीखें गूंजती रहीं

जिस घर में शादी की सजावट की अंतिम तैयारियां चल रही थीं, वहां कन्या अनु (20) का रो-रोकर बुरा हाल है। सूत्रों के अनुसार, दुल्हन रातभर होश में नहीं आ पाई, कभी बेसुध होती तो कभी जोर-जोर से चीखती — “माँ! मेरी बारात कहां रह गई?”
स्वदेश केसरी टीम जब गांव पहुंची तो आंखों के सामने ऐसा मंजर था कि कलेजा फटता नजर आया। संवाददाता ललित वार्ष्णेय ने बताया कि “गांव की हर गली में सन्नाटा है, हर आंख नम है, और हर मन अधूरी बारात का दुख झेल रहा है।”

भाभी की जिद पर तय हुई थी शादी

इस शादी को लेकर एक और करुण सच्चाई यह थी कि यह रिश्ता दूल्हे सूरज की भाभी आशा ने तय कराया था — जिनका मायका भी सिरतौल में है। लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था। वही भाभी अपने बेटे के साथ इस हादसे में काल के गाल में समा गई। यह सुनकर गांव की बुजुर्ग हरदेवी (दुल्हन की दादी) का भी रो-रोकर हाल बेहाल है। वो बार-बार यही कह रही थीं — “हे भगवान! एक नहीं, पूरा संसार उजड़ गया…”

गांव में पसरा मातम, घर-घर में शोक

गांव के लोग बताते हैं कि 4 जुलाई को भड़रिया नवमी के शुभ मुहूर्त में बारात आनी थी। लेकिन हादसे की खबर सुनकर पूरा गांव सन्न रह गया।
दुल्हन पक्ष के लोग रात में ही घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक सब कुछ खत्म हो चुका था। शादी का मंडप अब शोक की चादर ओढ़े खड़ा है।

होनी को कोई नहीं टाल सकता

इस दर्दनाक हादसे ने यह सिद्ध कर दिया कि जीवन और मृत्यु की लकीरें बेहद बारीक होती हैं। एक ओर जहां घर में बैंड-बाजे की गूंज होनी थी, वहीं अब हर तरफ करुण क्रंदन है।

स्वदेश केसरी टीम इस दुखद घटना पर गहरा शोक प्रकट करती है और ईश्वर से मृतकों की आत्मा की शांति तथा पीड़ित परिवारों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here