बिल्सी नगर के मोहल्ला नंबर 1 में जर्जर हो चुके विद्युत पोल को लेकर स्थानीय निवासियों में आक्रोश फूट पड़ा। सीताराम मोड़ के निकट लगे इस खतरनाक पोल को लेकर बुधवार को मोहल्ले वासियों ने विद्युत विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन कर जल्द पोल बदलने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि करीब दो माह पूर्व एक वाहन की टक्कर से यह विद्युत पोल नीचे से टूट गया था, जो अब केवल विद्युत तारों के तनाव के सहारे झुक कर जमीन से टिका हुआ है। इसकी हालत बेहद खतरनाक हो गई है।

लोगों ने बताया कि विद्युत विभाग को कई बार लिखित शिकायतें दी गईं, लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई। अब सावन माह में कांवड़ यात्रा के चलते इस मार्ग से कांवड़ियों का आना-जाना भी शुरू हो गया है, साथ ही चार पहिया वाहन भी लगातार गुजरते रहते हैं। इस दौरान किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।

प्रदर्शन में शामिल मोहल्ले के बुजुर्ग, महिलाएं और व्यापारी वर्ग ने विभाग से मांग की कि विद्युत पोल को अविलंब बदला जाए, ताकि कोई जानमाल का नुकसान होने से पहले स्थिति को संभाला जा सके।

स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ, तो वे उच्चाधिकारियों से मिलकर आंदोलन को तेज करेंगे।
इस गंभीर लापरवाही ने एक बार फिर शहर में जर्जर विद्युत ढांचे की बदहाली को उजागर कर दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here