बिल्सी (बदायूं) नगर के रंजना हॉस्पिटल से गांधी पार्क तक अवैध रूप से किए गए पेड़ों के कटान की शिकायत पर आज वन विभाग की बरेली स्थित मुख्य वन संरक्षक (सीसीएफ) की उड़नदस्ता टीम ने बिल्सी में छापा मारा। यह कार्रवाई अरिहंत वृक्षारोपण समिति की ओर से की गई शिकायत के आधार पर की गई, जिसमें नगर पालिका द्वारा बड़े पैमाने पर पेड़ों के अवैध कटान की बात कही गई थी।
टीम ने मौके पर पहुंचकर गहन जांच की और अपनी रिपोर्ट में 45 पेड़ों के कटान की पुष्टि की है, जबकि गूगल मैप की सहायता से यह संख्या 70 से अधिक आंकी जा रही है। टीम ने इस जांच रिपोर्ट को मुख्य वन संरक्षक कार्यालय बरेली को सौंपने की बात कही है।
जांच के दौरान उड़नदस्ता टीम ने भूदेवी वार्ष्णेय इंटर कॉलेज के पास भी 2 यूकेलिप्टस के पेड़ों के अवैध कटान की पुष्टि की। इसके पश्चात टीम सहसवान रेंज के अंतर्गत ग्राम नगला भिंड में पहुंची, जहां 6 हरे-भरे यूकेलिप्टस के पेड़ों के कटान की जांच की जा रही है।
टीम के नगर में आते ही वन माफियाओं में खलबली मच गई और कई लोग रेंज की सीमाओं से फरार हो गए।
उड़नदस्ता प्रभारी रमाकांत सक्सेना ने कहा कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। टीम में डिप्टी रेंजर मनोज कुमार और डिप्टी रेंजर अजीत सक्सेना भी मौजूद रहे।
अरिहंत वृक्षारोपण समिति के संरक्षक मृगांक जैन ने कहा कि क्षेत्र में हरे पेड़ों का कटान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस संबंध में लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय तक भी शिकायत भेजी जाएगी।
इस दौरान समिति के संस्थापक प्रशांत जैन, देव ठाकुर, अनुज वार्ष्णेय, वंश गोस्वामी आदि सदस्य भी मौके पर मौजूद रहे।


























