
बदायूं। श्रावण मास की पुण्य बेला में कांवड़ यात्रा के दौरान कांबड़ियों श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बदायूं औषधि विक्रेता संघ द्वारा आज दिनांक 16 जुलाई 2025 को राजकीय मेडिकल कॉलेज के पास एक निःशुल्क प्राथमिक उपचार एवं औषधि वितरण शिविर का आयोजन किया गया।
इस सेवाभावी शिविर का उद्घाटन बदायूं सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता एवं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अरुण कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर सिटी मजिस्ट्रेट सुरेश कुमार पाल, अभिहीत अधिकारी सी.एल. यादव एवं औषधि निरीक्षक लव कुश प्रसाद की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष महत्व प्रदान किया।
शिविर में कांवड़ यात्रियों को बुखार, थकान, लू, चोट, पेट दर्द आदि के लिए आवश्यक दवाएं, दर्द निवारक, ओआरएस, बाम, स्प्रे, पट्टियां आदि नि:शुल्क वितरित की गईं। साथ ही चिकित्सा परामर्श भी उपलब्ध कराया गया।
बदायूं औषधि विक्रेता संघ के अध्यक्ष श्री अखिल रस्तोगी ने सभी अधिकारियों, अतिथियों एवं कांवड़ श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए सहयोगी सदस्यों – ज्ञान प्रकाश, राजेश रस्तोगी, दिनेश गोयल, अशोक नारंग, हेमंत सारस्वत, रंजीत सिंह, शोभित शंखधार, श्याम कुमार वैश्य, पल्लव वैश्य, नीरज वैश्य, पीताभ माथुर, प्रशांत कुमार आदि का आभार व्यक्त किया।
इस पहल ने न केवल कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाया, बल्कि शहर के व्यापारी वर्ग की सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा भावना को भी उजागर किया।


























