बिल्सी (बदायूं) नगर की पंगु पड़ी बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से स्थानीय विद्युत उपकेंद्र, बिल्सी में लखनऊ से स्थानांतरित होकर आए नए उपखंड अधिकारी (एसडीओ) जयप्रकाश ने शनिवार को विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया।
बताते चलें कि करीब दो महीने पूर्व यहां तैनात एसडीओ शोएब अंसारी को विभागीय लापरवाही के चलते निलंबित कर दिया गया था। उसके बाद से यह पद रिक्त चल रहा था, जिससे नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहने की शिकायतें लगातार बढ़ती जा रही थीं।
बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए उठाए जाएंगे ठोस कदम
कार्यभार ग्रहण करने के बाद नवागत एसडीओ जयप्रकाश ने प्रेस वार्ता में स्पष्ट किया कि
“बिल्सी की जनता लंबे समय से बिजली की अनियमित आपूर्ति और ट्रिपिंग की समस्या से परेशान है। हम इसका स्थायी समाधान निकालने के लिए प्राथमिकता के आधार पर काम करेंगे।”
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप निरवाध (बिना कटौती) बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए क्षतिग्रस्त लाइनों की मरम्मत, ट्रांसफॉर्मर अपग्रेडेशन और समयबद्ध फॉल्ट रिपेयर जैसी योजनाएं जल्द शुरू की जाएंगी।
जनता से की सहयोग की अपील
एसडीओ जयप्रकाश ने उपभोक्ताओं से भी अपील की कि वे अनधिकृत बिजली कनेक्शन से बचें और बिजली बिल समय से जमा करें। उन्होंने बताया कि उपभोक्ता समस्याओं को सुनने के लिए साप्ताहिक शिकायत निवारण शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।
बिल्सी वासियों को अब उम्मीद है कि नवागत एसडीओ जयप्रकाश के नेतृत्व में नगर की बिजली व्यवस्था में जल्द सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।


























