

बिल्सी (बदायूं) नगर में बाबा खाटू श्याम जी का 216वां मासिक संकीर्तन बड़े धूमधाम, श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ आयोजित किया गया। रामलीला रंगमंच परिसर में शनिवार रात्रि 8:00 बजे से प्रारंभ हुए इस भव्य कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
ऋतुराज आम के फलों से बाबा का भव्य श्रृंगार
कार्यक्रम की शुरुआत में बाबा खाटू श्याम जी का ऋतुराज आम के फलों से भव्य श्रृंगार किया गया, जिसे देखकर भक्तगण मंत्रमुग्ध हो गए। इसके पश्चात विधिवत पूजन, आरती और बाबा की चरण वंदना की गई।
भजनों की सुरीली रसधारा से भावविभोर हुए श्रद्धालु
नाथ नगरी बरेली से पधारीं सुप्रसिद्ध भजन गायिका सौम्या खंडेलवाल और भजन गायक मनमोहन वार्ष्णेय साइन एवं उज्ज्वल वार्ष्णेय ने भजनों की मधुर रसधारा से उपस्थित श्रद्धालुओं को पूरी रात भावविभोर कर दिया।
“श्याम तेरी बंसी प्यारी लगे…” और “खाटू वाले का दरबार सजा है…” जैसे भजनों पर भक्तों ने झूम-झूमकर नृत्य किया।
रात 2 बजे तक चला संकीर्तन, हुआ प्रसाद वितरण
यह संकीर्तन कार्यक्रम रात 2:00 बजे तक निर्बाध रूप से चलता रहा, जिसके उपरांत श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। आयोजन की गरिमा और भक्ति भाव ने सभी को एक आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।
श्री श्याम सेवा मंडल बिल्सी की अगुवाई में हुआ आयोजन
इस आयोजन की अगुवाई विकास वार्ष्णेय (बब्बू भैया) ने की और श्रद्धालु भक्तों को आशीर्वाद भी प्रदान किया। मंडल द्वारा वर्षों से प्रत्येक ग्यारस को इस प्रकार का भजन संकीर्तन कार्यक्रम नगर में आयोजित किया जा रहा है, जो भक्तों में भक्ति और एकता का संचार करता है।
कार्यक्रम की सफलता में इनका रहा विशेष सहयोग:
अंशुल वार्ष्णेय, रोहित वार्ष्णेय, प्रदीप वार्ष्णेय, अर्चित वार्ष्णेय, सौरभ वार्ष्णेय सहित अनेक श्रद्धालु भक्तों का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने संकीर्तन की व्यवस्था, साज-सज्जा, भंडारे और सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लिया।


























