बिल्सी। बिजनौर जनपद से स्थानांतरित होकर आईं वरिष्ठ राजस्व अधिकारी प्रभा सिंह को जिलाधिकारी बदायूं अवनीश कुमार राय द्वारा बिल्सी तहसील की तहसीलदार नियुक्त किया गया है। शुक्रवार शाम उन्होंने तहसील मुख्यालय पहुंचकर औपचारिक रूप से अपना कार्यभार ग्रहण किया।
तहसील कार्यालय पहुंचने पर तहसील स्टाफ ने उनका स्वागत किया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने संक्षिप्त प्रेस वार्ता में कहा कि पीड़ितों को समयबद्ध न्याय दिलाना, राजस्व वसूली को पारदर्शी ढंग से संपन्न कराना तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को ज़मीनी स्तर तक पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताएं रहेंगी।
प्रभा सिंह ने कहा कि वह तहसील कार्यालय में नियमित रूप से जनसुनवाई करेंगी, ताकि लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जा सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या भ्रष्टाचार को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रभा सिंह के कार्यभार संभालने के बाद क्षेत्रीय नागरिकों में प्रशासनिक कार्यों को लेकर एक नई उम्मीद जागी है। तहसील कर्मचारियों में भी नई ऊर्जा का संचार देखने को मिला है।


























