

बिल्सी। विकास खंड अंबियापुर के उच्च प्राथमिक विद्यालय पिंडौल में आयोजित समर कैंप 2025 का समापन आज उत्सवपूर्ण माहौल में किया गया। समापन कार्यक्रम के अवसर पर विद्यालय को झालरों और गुब्बारों से सजाया गया, और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मकता और सीखी गई कलाओं का प्रदर्शन किया।
खंड शिक्षा अधिकारी गौतम प्रकाश के नेतृत्व में चले इस कैंप में बच्चों को रचनात्मक गतिविधियों, कला, योगा, नवाचार और अन्य विषयों में प्रशिक्षण दिया गया। गर्मियों की छुट्टियों में सीखने और आनंद का संगम बना यह समर कैंप बच्चों के लिए एक यादगार अनुभव रहा।
ग्राम प्रधान ने किया समापन, बच्चों को दी सीख
समापन अवसर पर ग्राम प्रधान मुजाहिद खान ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा,
“जो आपने इस कैंप में अपने गुरुजनों से सीखा है, उसे जीवन में अपनाना है। विशेष रूप से योगा को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।”
ग्राम प्रधान ने समर कैंप के औपचारिक समापन की घोषणा की और शिक्षामित्र राजेश गुप्ता व मुकेश सिंह की सराहना की, जिन्होंने समर कैंप के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुरस्कार और मिष्ठान वितरण
समापन के अवसर पर बच्चों को बूंदी मिष्ठान वितरित किया गया और प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। समर कैंप के दौरान बच्चों ने कई कलाकृतियां बनाईं, जिससे उनकी प्रतिभा, आत्मविश्वास और सृजनात्मकता को बल मिला।
इस मौके पर समाजसेवी एवं गणमान्य लोग पंडित सत्यप्रकाश शर्मा, मुनेंद्र पाल शर्मा, रियाज मोहम्मद खान, इस्तकार अली, ठाकुर यशपाल सिंह, धर्मवीर शाक्य, अजय सक्सेना आदि उपस्थित रहे।


























