बिल्सी।प्रेम की अंधी दौड़ में रिश्तों की मर्यादा तार-तार हो रही है। पति और बच्चों को छोड़कर प्रेमी के साथ भागने के मामले अब आम होते जा रहे हैं, लेकिन कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में सामने आई घटना ने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया। यहां एक मां ने अपने प्रेमी के साथ भागने की साजिश रचते हुए अपनी ही मासूम बच्ची को आग के हवाले कर दिया।

थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि 17 जून को क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी कि उसकी पत्नी ने घर में चारपाई में आग लगा दी। उस समय चारपाई पर उनकी बच्ची सो रही थी। अचानक लगी आग से बच्ची झुलस गई। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और किसी तरह बच्ची की जान बचाई गई।

घटना के बाद महिला योजनाबद्ध तरीके से अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई थी। पुलिस ने छानबीन करते हुए बिजनौर-बदायूं हाईवे पर नरैनी चौराहे से आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। महिला के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।

यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग हैरान हैं कि एक मां अपने प्रेम की खातिर इतनी अमानवीय हो सकती है कि अपनी ही औलाद को मारने की कोशिश करे। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here