होम राज्य उत्तर प्रदेश बदायूं के गांधी ग्राउंड मेले में लगी भीषण आग, व्यापारियों का भारी...

बदायूं के गांधी ग्राउंड मेले में लगी भीषण आग, व्यापारियों का भारी नुकसान — श्री श्री गौर निताई संकीर्तन ट्रस्ट ने पहुंचकर बंधाया ढांढस, बांटा जलपान

बदायूं। शहर के प्रतिष्ठित गांधी ग्राउंड में चल रहे मेले में रविवार को दोपहर अचानक भीषण आग लग गई, जिससे मेले में लगी कई दुकानों का सामान जलकर राख हो गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही मिनटों में पूरा इलाका धुएं और अफरा-तफरी से भर गया। मौके पर दमकल विभाग की कई गाड़ियों ने पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक लाखों का नुकसान हो चुका था। इस हृदयविदारक हादसे ने मेले में मौजूद दुकानदारों और आम नागरिकों को गहरे सदमे में डाल दिया।

इस दुखद घटना की जानकारी मिलते ही श्री श्री गौर निताई संकीर्तन ट्रस्ट (रजि.) बदायूं के सदस्यों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों में हाथ बंटाया और पीड़ित व्यापारियों व उनके परिजनों को मानसिक संबल देने का प्रयास किया। ट्रस्ट के अध्यक्ष महाराज श्री पंकज जी ने मौके पर पहुंचकर सभी प्रभावित लोगों से संवेदना व्यक्त की और उन्हें समझाया कि ऐसी विपत्तियों में ईश्वर पर आस्था बनाए रखना ही सबसे बड़ा संबल होता है।

महाराज श्री ने अपने शांति और धैर्यपूर्ण शब्दों से प्रभावितों को आश्वस्त किया कि जीवन में धन-संपत्ति तो आती-जाती रहती है, लेकिन जब तक जीवन सुरक्षित है, तब तक परिश्रम और ईश्वर की कृपा से सब कुछ फिर से पाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरे समाज को एकजुट होकर एक-दूसरे का सहारा बनना चाहिए।

ट्रस्ट की ओर से तुरंत राहत स्वरूप स्थानीय नागरिकों और पीड़ित व्यापारियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई, ताकि संकट की इस घड़ी में उन्हें थोड़ी राहत मिल सके।

इस आग की चपेट में ट्रस्ट से जुड़े दो सम्माननीय सदस्य राकेश जी और राजकुमार जी की दुकानें भी आ गईं, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और दूसरों की सेवा में निःस्वार्थ भाव से जुटे रहे। उनकी यह सेवा भावना सभी के लिए प्रेरणास्रोत बनी।

राहत कार्यों में ऋषिराम जी, आशीष जी, नरेंद्र जी समेत ट्रस्ट के कई अन्य सदस्यों ने भी सक्रिय सहयोग किया और पूरी निष्ठा से ट्रस्ट के सेवा संकल्प को निभाया।

श्री श्री गौर निताई संकीर्तन ट्रस्ट (रजि.), बदायूं हमेशा की तरह इस बार भी समाज के हर दुख-सुख में सहभागी बनकर एक सच्ची सेवा भावना का उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here