शरीफ दरगाह से लौटते वक्त हज़ारा नहर पर हुआ हादसा, दो मासूम बच्चों की मां लापता



बिल्सी/कासगंज।
कार के मुहूर्त के लिए परिवार संग शरीफ दरगाह गई एक महिला की खुशी उस समय मातम में बदल गई जब वह सेल्फी लेते वक्त हज़ारा नहर में गिर गई। महिला की तलाश में प्रशासन और गोताखोर जुटे हैं।
जानकारी के अनुसार, बदायूं जनपद की तहसील बिल्सी के कस्बा निवासी 30 वर्षीय शबाना पत्नी शान-ए-आलम हाल ही में खरीदी गई नई कार का मुहूर्त कराने के लिए गुरुवार को परिवार सहित एटा जनपद के प्रसिद्ध मारहरा स्थित शरीफ दरगाह गई थीं। दर्शन और चादरपोशी के बाद परिवार लौटते समय कासगंज जनपद के नदरई झाल पुल पर बने हज़ारा नहर पिकनिक प्वाइंट पर रुक गया।
इसी दौरान शाम करीब सात बजे शबाना नहर किनारे खड़े होकर सेल्फी ले रही थीं कि अचानक उनका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव वाली नहर में गिर गईं। घटना से परिवार में हड़कंप मच गया। पति शान-ए-आलम ने तुरंत शोर मचाया और डायल 112 पर सूचना दी।
सूचना मिलते ही कासगंज सदर कोतवाली पुलिस, तहसील प्रशासन और पीएसी की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। नहर में गोताखोरों की मदद से देर रात तक सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन महिला का अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है।
सदर कोतवाली प्रभारी लोकेश भाटी ने बताया कि रेस्क्यू टीम पूरी सतर्कता से तलाश में जुटी है। महिला के दो छोटे बच्चे हैं – 6 वर्षीय नूर-ए-आलम और 4 वर्षीय हसन राजा। हादसे के बाद बिल्सी स्थित उनके घर पर कोहराम मच गया है।


























