




बदायूं, 10 मई। पंजाबी चौक स्थित श्री गुरु नानक जूनियर हाई स्कूल में शुक्रवार को मातृ दिवस (मदर्स डे) का आयोजन बड़े उत्साह और भावनात्मक वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में PG से U.K.G कक्षा के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी मां के लिए कार्ड मेकिंग गतिविधियों में हिस्सा लिया, वहीं कक्षा 1 से 8 तक के छात्र-छात्राओं ने अपनी मां के लिए सुंदर चार्ट और कार्ड तैयार कर विद्यालय में प्रस्तुत किए।
छात्रों ने मंच पर आकर अपनी मां के प्रति भावनाएं और विचार साझा किए, जिससे उपस्थित शिक्षकगण और विद्यार्थी भावुक हो उठे। इस अवसर पर सीता मैम ने मातृ दिवस के इतिहास और महत्व की जानकारी दी, वहीं शुचि मैम ने बच्चों को बुद्ध पूर्णिमा के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व से अवगत कराया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती नीलम अग्रवाल ने मां के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मां ईश्वर का ही स्वरूप होती है, जिसकी ममता और स्नेह से ही बच्चा संस्कारित होता है। उन्होंने सभी बच्चों को अपने जीवन में मां के योगदान को कभी न भूलने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय की समस्त शिक्षिकाओं का विशेष योगदान रहा।


























