बिल्सी (बदायूं)। नगर पालिका परिषद, बिल्सी के प्रांगण में शुक्रवार को पुण्यश्लोक लोकमाता रानी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती बड़े ही श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। समारोह की अध्यक्षता पालिका चेयरपर्सन ज्ञान देवी सागर ने की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व जिला अध्यक्ष, आंवला वीर पाल सिंह, विधायक बिल्सी हरीश शाक्य, बदायूं पालिका की पूर्व चेयरपर्सन दीपमाला गोयल, पूर्व चेयरमैन बिल्सी ओमप्रकाश सागर, मंडल अध्यक्ष आदित्य माहेश्वरी, मंडल अध्यक्ष ग्रामीण राहुल देव शाक्य, महिला मोर्चा अध्यक्ष पिंकी काबरा, पार्टी के वरिष्ठ नेता विवेक राठी एवं समाजसेवी दीपक चौहान सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नगरवासी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण पर विस्तृत चर्चा एवं परिचर्चा का आयोजन किया गया, जिसमें लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के आदर्शों, उनके प्रशासनिक कौशल और समाज के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डाला गया।

सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर ने न केवल अपने राज्य में न्याय और धर्म की स्थापना की, बल्कि भारत भर में धर्मस्थलों के निर्माण और पुनर्निर्माण में भी अग्रणी भूमिका निभाई। उनकी जीवन गाथा आज भी समाज को प्रेरणा देने वाली है।कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here