बिल्सी (बदायूं)। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम स्थित वैसरन घाटी में 22 अप्रैल 2025 को हुए आतंकी हमले में मारे गए निर्दोष पर्यटकों की आत्मा की शांति हेतु नगर के बाबा इंटरनेशनल स्कूल में गहरा शोक व्यक्त किया गया। इस दौरान स्कूल के छात्र-छात्राओं और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व पालिकाध्यक्ष व विद्यालय के डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय एवं प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे मानवता के खिलाफ कायराना हरकत बताया। उन्होंने कहा कि जो लोग निर्दोष नागरिकों की हत्या कर रहे हैं, वे मानवता के सबसे बड़े दुश्मन हैं। ऐसे आतंकियों को कतई बख्शा नहीं जाना चाहिए और सरकार को आतंकवाद के समूल नाश के लिए कठोर कदम उठाने चाहिए।
अनुज वार्ष्णेय ने कहा, “हम सभी ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि इस दुःखद हमले में मारे गए पर्यटकों की आत्मा को शांति प्रदान करें और उनके परिजनों को इस अपार पीड़ा को सहने की शक्ति दें।”
विद्यालय परिसर में इस हृदयविदारक घटना को लेकर गंभीर और भावुक माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों और छात्रों ने आतंकवाद के विरुद्ध एकजुट रहने का संकल्प लिया।


























