होम राज्य उत्तर प्रदेश प्रयागराज: कल दोपहर घोषित होगा यूपी बोर्ड 10वीं-12वीं का रिजल्ट, 55 लाख...

प्रयागराज: कल दोपहर घोषित होगा यूपी बोर्ड 10वीं-12वीं का रिजल्ट, 55 लाख से ज्यादा छात्र-छात्राओं की धड़कनें हुईं तेज!

25 अप्रैल को दोपहर 12:30 बजे जारी होंगे परीक्षा परिणाम, upmsp.edu.in और upresults.nic.in पर उपलब्ध रहेगी मार्कशीट

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) प्रयागराज की ओर से हाईस्कूल (कक्षा 10) और इंटरमीडिएट (कक्षा 12) परीक्षाओं के परिणामों का इंतजार कर रहे लाखों छात्रों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। यूपी बोर्ड 2025 के 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणाम कल, 25 अप्रैल को दोपहर 12:30 बजे घोषित किए जाएंगे। इस संबंध में परिषद की ओर से आधिकारिक घोषणा कर दी गई है।

इस साल 2025 की बोर्ड परीक्षाएं 24 फरवरी से 12 मार्च के बीच संपन्न हुई थीं, जिनमें राज्य भर के 75 जिलों में स्थित 8,140 परीक्षा केंद्रों पर करीब 55 लाख छात्र-छात्राओं ने भाग लिया था। यह यूपी बोर्ड के इतिहास में एक बड़ी परीक्षा प्रक्रिया रही, जिसे सफलतापूर्वक संपन्न किया गया।

रिजल्ट ऐसे करें चेक
जैसे ही परिणाम जारी होंगे, छात्र-छात्राएं यूपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट्स — upmsp.edu.in और upresults.nic.in पर जाकर अपने परिणाम देख सकेंगे। इसके लिए उन्हें अपना रोल नंबर, जन्मतिथि और अन्य आवश्यक विवरण दर्ज करना होगा। इसके अलावा मोबाइल पर SMS और अन्य डिजिटल माध्यमों से भी परिणाम उपलब्ध कराए जाएंगे।

पिछले साल का रहा शानदार प्रदर्शन
साल 2024 के नतीजों की बात करें तो यूपी बोर्ड की 10वीं परीक्षा में कुल 89.55 प्रतिशत छात्र पास हुए थे। इसमें लड़कियों का प्रदर्शन लड़कों से बेहतर रहा था—जहां 93.40% लड़कियां पास हुई थीं, वहीं 86.05% लड़के सफल रहे थे। 12वीं कक्षा में ओवरऑल पास प्रतिशत 82.60% रहा था, जिसमें 88.42% लड़कियां और 77.78% लड़के पास हुए थे।

इस बार भी छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों को उम्मीद है कि परिणाम पिछली बार से भी बेहतर होंगे। यूपी बोर्ड के अधिकारी भी पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ परिणाम जारी करने की तैयारी में जुटे हैं।

शैक्षणिक भविष्य की दिशा तय करेगा यह परिणाम
रिजल्ट के जरिए छात्र-छात्राएं आगे की शिक्षा जैसे कि इंटरमीडिएट, स्नातक, व्यावसायिक कोर्सेज आदि की दिशा तय करेंगे। यही वजह है कि नतीजों का महत्व सिर्फ अंकों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह छात्रों के शैक्षणिक जीवन की दिशा तय करने वाला पड़ाव भी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here