बिल्सी (बदायूँ)। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले से आक्रोशित होकर बार एसोसिएशन बिल्सी ने शनिवार को उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम एक ज्ञापन सौंपा। एसडीएम के माध्यम से भेजे गए इस ज्ञापन में आतंकियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने की मांग की गई है।
ज्ञापन में कहा गया कि हालिया हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया है। आतंकवादियों ने निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाया और हिन्दुओं की पहचान कर उन्हें मारा, जो एक लक्षित हिंसा का प्रमाण है। हमला देश की सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर चूक को दर्शाता है।
बार एसोसिएशन ने ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया कि इन हमलों में पाकिस्तान की प्रत्यक्ष या परोक्ष संलिप्तता है और वहां से संचालित आतंकवादी संगठन भारत की शांति भंग करने में लगे हुए हैं।
एसोसिएशन ने निम्नलिखित मांगे रखी हैं:
- हमले की गहन और निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कड़ी सजा दी जाए।
- पाकिस्तान की भूमिका की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जांच कर कड़ी कार्रवाई हो।
- आतंकवादी संगठनों और उनके वित्तीय स्रोतों पर प्रभावी नियंत्रण किया जाए।
- सीमाओं पर सुरक्षा और अधिक कड़ी की जाए।
- पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा और पुनर्वास सहायता दी जाए।
- आतंकवाद के खिलाफ जनजागृति अभियान चलाया जाए।
- हमले से जुड़े सभी साक्ष्य सार्वजनिक किए जाएं।
- वक्फ बोर्ड और अन्य संस्थाओं की भूमिका की भी जांच की जाए।
- अंतरराष्ट्रीय मंचों पर आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले देशों के खिलाफ भारत सख्त रुख अपनाए।
- सुरक्षाबलों को आधुनिक हथियारों और संसाधनों से लैस किया जाए।
बार एसोसिएशन ने कहा कि देश की संप्रभुता और नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है और सरकार को इस दिशा में त्वरित व प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
ज्ञापन सौंपने वालों में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह,महासचिव बागीश पावू माहेशवरी,विवेक राठी, अरबिंद कुमार यादव, वरिष्ठ अधिवक्ता रामनिवास यादव, अजयपाल यादव, ज्ञान सिंह त्यागी, रामनाथ रामऔर आशीष कुमार प्रमुख रूप से शामिल रहे।


























