बदायूं। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में शहीद हुए निर्दोष नागरिकों की स्मृति में रविवार को लॉर्ड कृष्णा इंटरनेशनल स्कूल, बदायूं में एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत दो मिनट के मौन के साथ हुई, जिसमें विद्यालय के सभी शिक्षक, छात्र-छात्राएं और स्टाफ सदस्य शामिल हुए। इसके उपरांत शहीदों की याद में दीप प्रज्वलित किए गए और पुष्प अर्पित कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए।
इस श्रद्धांजलि सभा में विद्यालय के संस्थापक श्री वेदव्रत त्रिवेदी, सह-संस्थापक श्री तेजस्व त्रिवेदी, निदेशिका श्रीमती छवी शर्मा एवं श्रीमती रीता शर्मा, तथा प्रधानाचार्य श्री दीपक त्यागी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
प्रधानाचार्य श्री दीपक त्यागी ने अपने भावुक संबोधन में कहा, “ऐसे आतंकी हमले मानवता पर एक गहरा प्रहार हैं। हमें न केवल इनके विरोध में आवाज उठानी चाहिए, बल्कि एकजुट होकर शांति और भाईचारे का संदेश भी समाज में फैलाना होगा।”
विद्यालय के विद्यार्थियों ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना को व्यक्त किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य केवल श्रद्धांजलि देना ही नहीं था, बल्कि छात्रों में राष्ट्र के प्रति जागरूकता और कर्तव्यबोध की भावना को और अधिक मजबूत करना भी था।
कार्यक्रम के अंत में यह संकल्प लिया गया कि लॉर्ड कृष्णा इंटरनेशनल स्कूल सदैव शहीदों की स्मृति को जीवंत रखेगा और शांति व मानवता के संदेश को समाज में निरंतर प्रसारित करता रहेगा।

























