होम राज्य उत्तर प्रदेश बिल्सी: भू देवी वार्ष्णेय इंटर कॉलेज ने एक बार फिर रचा इतिहास,...

बिल्सी: भू देवी वार्ष्णेय इंटर कॉलेज ने एक बार फिर रचा इतिहास, बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन जिले की टॉप-10 सूची में शामिल हुए इंटर के दो छात्र, स्कूल का परीक्षा परिणाम रहा शत-प्रतिशत

बिल्सी (बदायूं)। तहसील बिल्सी का प्रतिष्ठित शैक्षिक संस्थान भू देवी वार्ष्णेय इंटर कॉलेज ने उत्तर प्रदेश बोर्ड परीक्षा 2025 में एक बार फिर अपनी शैक्षणिक गुणवत्ता और अनुशासन की मिसाल पेश की है। विद्यालय का हाई स्कूल और इंटरमीडिएट दोनों कक्षाओं का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जिससे नगरवासियों और अभिभावकों में हर्ष की लहर दौड़ गई है।

सबसे खास बात यह रही कि विद्यालय के इंटरमीडिएट के दो मेधावी छात्रों ने जिला टॉप-10 सूची में अपना स्थान पक्का कर विद्यालय और नगर दोनों का नाम रोशन किया। विज्ञान वर्ग के छात्र अहमद रजा सिद्दीकी ने 91.6% अंक प्राप्त कर जनपद में दूसरा स्थान, जबकि कुमारी ज्योति शाक्य ने 89.8% अंक अर्जित कर जिले में पांचवां स्थान प्राप्त किया।
वहीं हाई स्कूल में छात्र पीयूष ने 89.5% अंक लाकर विद्यालय टॉपर बनने का गौरव हासिल किया।

विद्यालय की उपलब्धियों के पीछे उत्कृष्ट शिक्षण पद्धति, अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन और अनुशासित वातावरण प्रमुख कारण हैं। भू देवी वार्ष्णेय इंटर कॉलेज लगातार ऐसे परीक्षाफल प्रस्तुत करता रहा है जिससे यह क्षेत्र का विश्वसनीय और अग्रणी शिक्षण संस्थान बन चुका है।

विद्यालय के होनहार छात्र अहमद रजा सिद्दीकी के पिता अली हसन सिद्दीकी मुजरिया थाने में उर्दू अनुवादक के पद पर कार्यरत हैं, जिन्होंने बेटे की सफलता को बच्चे की खुद की लगन और कड़ी मेहनत और अल्लाह की रहमत एवं विद्यालय के शिक्षकों की बच्चों पर कड़ी मेहनत का परिणाम बताया।

इस ऐतिहासिक सफलता पर विद्यालय प्रबंधन ने खुशी जाहिर की है। विद्यालय के प्रबंधक सुरेश बाबू वार्ष्णेय, उप-प्रबंधक दिनेश गुप्ता व प्रधानाचार्य प्रदीप शर्मा ने सभी विद्यार्थियों को बधाई दी और मिठाई वितरित कर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा, “भू देवी वार्ष्णेय इंटर कॉलेज न सिर्फ अच्छे परीक्षाफल के लिए जाना जाता है, बल्कि यहां बच्चों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जाता है।”

विद्यालय परिवार ने इन उपलब्धियों को बिल्सी की शिक्षा की गरिमा को नई ऊँचाई देने वाला क्षण बताया और भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन का संकल्प लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here