बदायूं। विद्युत विभाग बदायूं में एक बार फिर असंतोष और आक्रोश की चिंगारी भड़क उठी है। उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर संघ (रा.वि.प.जू.ईं.सं.) बदायूं शाखा ने मंगलवार को नगर मजिस्ट्रेट को एक ज्ञापन सौंपते हुए अधीक्षण अभियंता पर गंभीर आरोप लगाए हैं। साथ ही चेतावनी दी है कि जब तक विभागीय अनियमितताओं और मनमाने निलंबन व स्थानांतरण आदेशों को वापस नहीं लिया जाता, तब तक अधीक्षण अभियंता कार्यालय के समक्ष 29 अप्रैल से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार और शांतिपूर्ण विरोध सभा की जाएगी।

ज्ञापन में कहा गया है कि विद्युत वितरण मंडल बदायूं के अंतर्गत बिल्सी और दातागंज ग्रामीण उपखंड में क्षतिग्रस्त हुए विद्युत ट्रांसफॉर्मरों की मरम्मत पर हुए खर्च के आधार पर संबंधित अवर अभियंताओं पर अनैतिक रूप से विविध प्रकीर्ण अधिरोपित कर दिया गया। साथ ही बिना किसी पक्ष को सुने ही बिल्सी उपखंड अधिकारी का निलंबन कर दिया गया, जो प्रशासनिक प्रक्रिया का घोर उल्लंघन है।

संघ का आरोप है कि अधीक्षण अभियंता द्वारा समय-समय पर आवश्यक उपकरण जैसे उच्च क्षमता के फ्यूज तार, एचटी व एलटी फ्यूज सेट, लग आदि उपलब्ध न कराकर अपनी जिम्मेदारी से बचते हुए पूरा दोष अधीनस्थ अभियंताओं पर मढ़ा जा रहा है। इतना ही नहीं, इस प्रकरण पर आवाज उठाने वाले संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों – जनपद अध्यक्ष धर्मात्मा कुमार, सचिव रवि कुमार, उपाध्यक्ष रणवीर कुमार और प्रचार सचिव रजनीश सिंह – का भी अन्य जनपदों में गलत तरीके से स्थानांतरण करवा दिया गया।

इस पूरे मामले को लेकर संघ ने अधीक्षण अभियंता से पूर्व में भी प्रतिवेदन देकर न्याय की मांग की थी, लेकिन उनके हठधर्मी रवैये और टालमटोल भरे व्यवहार से कोई सकारात्मक समाधान नहीं निकल सका। फलस्वरूप, बदायूं और शाहजहांपुर के अवर अभियंता एवं प्रोन्नत सहायक अभियंता अब मजबूर होकर कार्य बहिष्कार और विरोध प्रदर्शन का मार्ग अपना रहे हैं।

संघ ने स्पष्ट किया कि इस विरोध के दौरान किसी प्रकार की विद्युत आपूर्ति बाधित होती है या औद्योगिक शांति भंग होती है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी अधीक्षण अभियंता, विद्युत वितरण मंडल बदायूं की होगी।

ज्ञापन की प्रतियां जिलाधिकारी बदायूं, मुख्य अभियंता बरेली क्षेत्र, अधिशासी अभियंता बदायूं/बिल्सी/बिसौली/उझानी को भी भेजी गई हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here