बिल्सी। बदायूं-बिजनौर हाईवे पर ग्राम निजामपुर में कल शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हाईवे पार कर रहे युवक को तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान ग्राम निजामपुर निवासी फरीद (28) के रूप में हुई है। वह शाम करीब 4:00 बजे हाईवे पार कर रहा था, तभी बदायूं की ओर से आ रही तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में फरीद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन चालक गाड़ी समेत फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बिल्सी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर फरार वाहन की तलाश में जुटी हुई है।
इस हादसे से गांव में शोक की लहर है, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से हाईवे पर स्पीड ब्रेकर लगाने और यातायात नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।


























