प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को किया गया पुरस्कृत

बदायूं। विकास क्षेत्र जगत के पूर्व माध्यमिक विद्यालय उनौला में वार्षिकोत्सव एवं विदाई समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं की उपलब्धियों को सराहा गया और उन्हें पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया गया।









कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान भगवान दास, वासुदेव, एसएमसी अध्यक्ष किशनपाल एवं समाजसेवी निर्भान सिंह यादव ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया।
छात्रों की उपलब्धियों को किया गया सराहा
कार्यक्रम का संचालन उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला प्रवक्ता एवं विज्ञान शिक्षक आयुष भारद्वाज ने किया। उन्होंने वर्षभर में विद्यालय एवं छात्रों के हित में किए गए कार्यों और छात्रों की शिक्षा, खेल एवं अन्य क्षेत्रों में उपलब्धियों को प्रस्तुत किया।
इस दौरान पूर्व प्रधान रमेश चंद्र फौजी ने विद्यालय के शैक्षिक एवं भौतिक परिवेश की सराहना करते हुए छात्रों से अनुशासन में रहकर मन लगाकर पढ़ने की अपील की। वहीं, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि वासुदेव ने विद्यार्थियों को सिविल सेवाओं में जाने के लिए कठिन परिश्रम करने हेतु प्रेरित किया।
प्रतिभाशाली छात्रों को मिला सम्मान
शैक्षिक सत्र 2024-25 में विभिन्न वर्गों जैसे शिक्षा, खेल, अनुशासन, रचनात्मक गतिविधियां, उपस्थिति एवं लेखन में शानदार प्रदर्शन करने वाले 31 छात्र-छात्राओं को लंच बॉक्स, वॉटर बोतल एवं प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा, स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में नृत्य, नाटक, भाषण, योगा एवं सूर्य नमस्कार में शानदार प्रस्तुति देने वाले 30 छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कृत किया गया।
हेड बॉय एवं हेड गर्ल की घोषणा
कक्षा 8 की खुशबू को हेड गर्ल एवं लकी को हेड बॉय घोषित किया गया। उन्हें पटका एवं प्रतीक चिह्न देकर अनुशासन और शैक्षिक उपलब्धियों के लिए प्रेरित किया गया।
विदाई समारोह: नम आंखों से दी विदाई
कक्षा 6 व 7 के छात्र-छात्राओं ने अपने वरिष्ठ कक्षा 8 के छात्रों को रोली-चावल से तिलक कर विदाई दी। इस दौरान भावनात्मक शायरी और विदाई गीत प्रस्तुत किए गए, जिससे माहौल भावुक हो गया।
समाजसेवी ने की नगद पुरस्कार की घोषणा
विद्यालय की सुविधाओं एवं छात्रों की शैक्षिक उपलब्धियों से प्रभावित होकर समाजसेवी निर्भान सिंह यादव ने घोषणा की कि ब्लॉक स्तर पर प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को ₹1100 और जिला स्तर पर प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को ₹2100 नगद पुरस्कार दिया जाएगा।
मुख्य अतिथियों का सम्मान
समस्त अतिथियों एवं आयुष भारद्वाज को सफल संचालन के लिए माल्यार्पण एवं अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का समापन प्रधानाध्यापक एवं पूर्व एबीआरसी सुभाष चंद्र ने किया। उन्होंने छात्रों को मन लगाकर पढ़ने की प्रेरणा दी और अभिभावकों से बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने की अपील की।
सम्मानित छात्र-छात्राओं की सूची
✅ शैक्षिक उपलब्धियों हेतु सम्मानित छात्र:
- कक्षा 8: लकी, खुशबू, लता, ममता, कार्तिक, नितिन
- कक्षा 7: तनवी, नैंसी, पायल, अंशुल, कृष्णा, कौशल
- कक्षा 6: सोनम, जानवी, रिया, अंश, किशन राठौर
✅ विद्यालय प्रबंधन एवं रचनात्मक गतिविधियों में सहयोग हेतु:
रूबी, शिखा, भाग्यवती, मनोज, रोहित, राजा बाबू, शिवम
✅ शत-प्रतिशत उपस्थिति हेतु:
- कक्षा 6: नेहा, मीनाक्षी, रजत
- कक्षा 7: पवन, अक्षरा
- कक्षा 8: दीक्षा, आदेश, मुस्कान
✅ विशेष उपलब्धि:
कक्षा 8 की छात्रा लता का अटल आवासीय इंटर कॉलेज, बरेली में चयन होने पर विशेष सम्मान किया गया।
✅ कक्षा 8 की परीक्षा में बैठने वाले सभी 100 छात्र-छात्राओं को वॉटर बॉटल उपहार स्वरूप दी गई।
इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ, भोजन माताएं, एसएमसी सदस्य, अभिभावक एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।


























