






बिल्सी: नगर में महाशिवरात्रि पर्व धूमधाम से मनाया गया, जिसमें विभिन्न धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ महाकालेश्वर सेवा समिति ने समाज सेवा की एक मिसाल पेश की। समिति ने दो निर्धन कन्याओं का विवाह कराकर समाज में सेवा और सहयोग की प्रेरणा दी।
नगर में इस पुनीत कार्य की सर्वत्र सराहना हो रही है। कार्यक्रम में एसडीएम बिल्सी रिपुदमन सिंह ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। रात 10 बजे एसडीएम विवाह स्थल पहुंचे, जहां समिति के सदस्यों ने उन्हें पटका और महाकाल का चित्र भेंट कर सम्मानित किया।
समिति पहले भी कर चुकी है निर्धन कन्याओं का विवाह
महाकालेश्वर सेवा समिति इससे पूर्व भी एक निर्धन कन्या का विवाह करवा चुकी है, और लगातार सामाजिक कार्यों में योगदान दे रही है। समिति के इस सराहनीय प्रयास में वार्ष्णेय महिला उत्थान समिति सहित नगरवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
भोजन व उपहार की व्यवस्था
समिति द्वारा विवाह समारोह में शामिल हुए सभी अतिथियों के लिए भोजन की उत्तम व्यवस्था की गई। नगरवासियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उपहार भी भेंट किए।
समिति के समर्पित सदस्यों की भूमिका
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के मुन्ना बाबू वार्ष्णेय, रजनीश शर्मा, कुलदीप वार्ष्णेय, अंशुल वार्ष्णेय, रंजन महेश्वरी, पंकज वार्ष्णेय, उमेश वार्ष्णेय, मनीष पाल वार्ष्णेय, सौरव वार्ष्णेय, कुलदीप माथुर, सुमित वार्ष्णेय, विष्णु वार्ष्णेय, तपन वार्ष्णेय, मोहित वार्ष्णेय, सागर वार्ष्णेय आदि ने अहम भूमिका निभाई।
नगर के गणमान्य लोगों की रही उपस्थिति
इस कार्यक्रम में भाजपा नेता सुधीर सोमानी, मां पूर्णागिरि प्रॉपर्टी के संचालक अमित वार्ष्णेय, सुरेश बाबू, पूर्व पालिका अध्यक्ष ओम प्रकाश सागर, वरिष्ठ पत्रकार ललित वार्ष्णेय, गोपाल पाराशर, मनोज वार्ष्णेय, शंकय वार्ष्णेय, लव कुमार वार्ष्णेय सहित सैकड़ों लोग इस सामाजिक एवं धार्मिक आयोजन के साक्षी बने।
नगरवासियों ने महाकालेश्वर सेवा समिति की इस अद्भुत पहल की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए उनके प्रयासों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।


























