

बिल्सी: बाबा इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए कक्षा 11वीं के छात्रों ने भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय चेयरपर्सन कमलेश वार्ष्णेय, विद्यालय डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय, साधना वार्ष्णेय, कृति वार्ष्णेय एवं प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। आकर्षक नृत्य और संगीत प्रस्तुतियों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को शुभकामनाओं के साथ विदा किया गया। उन्होंने शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे विद्यालय में बिताए गए पलों और शिक्षकों द्वारा दी गई शिक्षा को कभी नहीं भूलेंगे।
फेयरवेल पार्टी में मिस्टर फेयरवेल देवांश शंखधार और मिस फेयरवेल मेघा वार्ष्णेय को विद्यालय डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय, साधना वार्ष्णेय, कृति वार्ष्णेय एवं प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी द्वारा क्राउन और सेश पहनाकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय निदेशिका साधना वार्ष्णेय ने कहा कि जीवन में एक समय ऐसा आता है जब हमें अपने स्कूल, कॉलेज या कार्यस्थल से विदा लेना पड़ता है, लेकिन वहाँ से प्राप्त ज्ञान हमेशा हमारे साथ रहता है। विद्यालय डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय ने विद्यार्थियों को उपहार देकर प्रेरित किया और कहा कि मेहनत और ईमानदारी से आगे बढ़ें ताकि सफलता उनके कदम चूमे।
प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने कहा कि बाबा इंटरनेशनल स्कूल में मिली शिक्षा भविष्य में विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। उन्होंने सभी छात्रों को परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और अपने लक्ष्य की ओर निरंतर प्रयासरत रहने की शुभकामनाएँ दीं।इस अवसर पर विद्यालय प्रशासक अमित माहेश्वरी सहित समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।


























