होम राज्य उत्तर प्रदेश नशे में दूल्हे की हरकत से टूटी शादी, दुल्हन ने फेरे लेने...

नशे में दूल्हे की हरकत से टूटी शादी, दुल्हन ने फेरे लेने से किया इनकार

बिल्सी। शादी की खुशियां अचानक गम में बदल गई जब जयमाला के बाद फोटो सेशन के दौरान दूल्हे ने नशे की हालत में ऐसी हरकत कर दी कि दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। यह मामला बिल्सी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का है, जहां एक युवती की शादी संभल जिले के चंदौसी निवासी युवक से तय हुई थी।

23 फरवरी की रात बारात बदायूं मार्ग स्थित एक गेस्ट हाउस में धूमधाम से पहुंची। शादी समारोह हंसी-खुशी चल रहा था, लेकिन जयमाला के बाद फोटो सेशन के दौरान दूल्हा अपने मित्रों के सामने दुल्हन से कुछ कहने लगा और फिर अमर्यादित हरकत कर दी। इससे दुल्हन बेहद नाराज हो गई और उसने सात फेरे लेने से साफ इनकार कर दिया।

समझाने की कोशिश नाकाम, बारात लौटी खाली हाथ

दुल्हन के इनकार के बाद दोनों पक्षों के लोगों ने उसे काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन वह किसी भी हालत में शादी करने को तैयार नहीं हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि दुल्हन पक्ष के लोग भी दूल्हे की हरकत से नाराज हो गए और शादी तोड़ने का फैसला कर लिया।

जब वर पक्ष ने भी समझाने की कोशिश की और मामला शांत करने का प्रयास किया, तब तक बात पूरी तरह बिगड़ चुकी थी। आखिरकार, बिना दुल्हन के बारात को लौटना पड़ा।

कोतवाली में निपटा मामला, लेन-देन का सामान लौटाया गया

घटना की सूचना मिलने पर सिटी इंचार्ज अशोक कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मामला कोतवाली तक पहुंचा, जहां दोनों पक्षों की सहमति से शादी को पूरी तरह रद्द कर दिया गया। शादी में हुए लेन-देन का सारा सामान वापस कर दिया गया, जिससे किसी भी तरह के विवाद की स्थिति न बने।

इस घटना के बाद इलाके में शादी समारोह के दौरान शराब के सेवन को लेकर चर्चा छिड़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नशे की वजह से कई शादियां खराब हो रही हैं, जिससे परिवारों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here